दिल का दौरा पड़ने से जाने माने रेडियो उद्धघोषक अमीन सयानी का हुआ निधन

प्रसिद्ध रेडियो उद्धघोषक अमीन सयानी का बुधवार 91 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके सीने में दर्द के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन उपचार से पहले उन्हें बचाया नहीं जा सका। उन्होंने अपनी सुरीली आवाज और आकर्षक शैली से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था।

अमीन सयानी ने अपना करियर अंग्रेजी भाषा के प्रसारक के रूप में शुरू किया और देश की आज़ादी के बाद हिंदी भाषा को महत्‍व दिया। अमीन सयानी के निधन पर देश भर से लोगों ने सोशल मीडिया पर अपना शोक प्रकट किया है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भी जाने माने रेडियो प्रसारक अमीन सयानी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में पीएम मोदी ने कहा कि रेडियो पर गॅूजती अमीन सयानी की सुरीली आवाज सभी लोगों को आकर्षित करती थी।

पीएम मोदी ने कहा कि अमीन सयानी ने अपने कार्य से भारतीय प्रसारण के क्षेत्र में क्रांति करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री ने अमीन सयानी के परिवार, प्रशंसकों और रेडियो के सभी श्रोताओं के प्रति संवेदना व्यक्त की।

सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रसिद्ध रेडियो प्रसारक और प्रसिद्ध शो बिनाका गीतमाला के उद्धघोषक अमीन सयानी के निधन पर दुख व्यक्त किया है।

सोशल मीडिया पोस्ट में अनुराग ठाकुर ने कहा कि वे रेडियो की आवाज़ थे, जिन्होंने अपने जादुई शब्दों के साथ लोगों का बेहतरीन मनोरंजन किया और उन्हें रेडियो से जोड़े रखा। केन्द्रीय मंत्री ने इस दुखद समय में उनके परिवार, प्रशंसकों और अनुयायियों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अमीन सयानी अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी जादुई आवाज जिंदा है।

Related Articles

Back to top button