‘अबकी बार 400 पार’ के संकल्प के साथ जुटें कार्यकर्ता, भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में बोले पीएम मोदी, बताया कांग्रेस का ‘सबसे बड़ा पाप’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भाजपा के कार्यकर्ताओं से अगले 100 दिनों तक नये जोश और आत्मविश्वास के साथ काम करने तथा नये मतदाताओं तक पहुंचने एवं उनका विश्वास जीतने का आह्वान किया ताकि लोकसभा चुनावों में मजबूत जनादेश के साथ पार्टी तीसरी बार भी सत्ता में आए। पीएम मोदी ने यहां भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि देश को अब बड़े सपने देखने होंगे और 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के लिए बड़े संकल्प लेने होंगे।

पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं भाजपा सरकार का तीसरा कार्यकाल सत्ता भोगने के लिए नहीं मांग रहा हूं। मैं राष्ट्र का संकल्प लेकर निकला हुआ व्यक्ति हूं। अगर मैं अपने घर की चिंता करता तो आज करोड़ों गरीबों के घर नहीं बन पाते। मैं देश के करोड़ों बच्चों के भविष्य के लिए जीता हूं।’ उन्होंने कहा, ‘दस वर्षों में हमने जो हासिल किया वह एक पड़ाव मात्र है। मंजिल तक पहुंचाने का एक नया विश्वास है। हमें अभी देश और कोटि-कोटि भारतीयों के लिए और हर भारतीय के जीवन को बदलने के लिए बहुत कुछ हासिल करना है। इसके लिए बहुत से निर्णय अभी बाकी हैं।’

विपक्षी गठबंधन ‘इंडी’ पर भी निशाना साधा

नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस के पास विकास का न तो कोई एजेंडा नहीं है और न ही रोडमैप। कांग्रेस पर देश को भाषा और क्षेत्र के आधार पर बांटने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि उसका एक ‘सबसे बड़ा पाप’ यह रहा है कि वह देश की सेना का मनोबल तोड़ने से भी पीछे नहीं रही। उन्होंने आरोप लगाया, ‘भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और सामरिक शक्ति को नुकसान पहुंचाने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी है।’

महाभारत की तरह चुनाव में हैं दो खेमे : शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगामी लोकसभा चुनाव की तुलना महाभारत के युद्ध से की और कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की अगुवाई वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन देश के विकास के लिए काम कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नीत ‘इंडी’ गठबंधन परिवारवादी पार्टियों और भ्रष्टाचारियों से भरा पड़ा है।

अधिवेशन में ‘भाजपा : देश की आशा, विपक्ष की हताशा’ प्रस्ताव पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा देने के लिए विपक्षी ‘इंडी’ गठबंधन की कड़ी आलोचना की।

राम मंदिर पर प्रस्ताव पारित

भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में रविवार को अयोध्या में राम मंदिर पर एक प्रस्ताव पारित किया गया। इसमें कहा गया कि यह अगले 1,000 वर्षों के लिए भारत में ‘राम राज्य’ की स्थापना का संकेत है। प्रस्ताव में कहा गया है, ‘अयोध्या की प्राचीन पवित्र नगरी में श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण देश के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली उपलब्धि है।’

Related Articles

Back to top button