BJP Candidate List 2024: लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की 195 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, पीएम मोदी समेत जानिए किन्हें कहां से मिला टिकट

भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए 16 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों से अपने 195 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश से 51, पश्चिम बंगाल से 20, मध्य प्रदेश से 24, गुजरात तथा राजस्थान से 15-15, केरल से 12, तेलंगाना से 9, असम, झारखंड तथा छत्तीसगढ़ से 11-11, दिल्ली से 5, जम्मू-कश्मीर से 2, उत्तराखंड से 3, अरुणाचल प्रदेश से 2 और गोवा, त्रिपुरा, अंडमान – निकोबार और दमन तथा दीव से एक-एक लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।

भाजपा के महासचिव विनोद तावड़े ने नई दिल्ली में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करते हुए कहा कि पहली सूची में 34 केंद्रीय मंत्रियों और राज्यमंत्रियों के नाम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 195 उम्मीदवारों में से 28 महिलाएं, 47 उम्मीदवार 50 वर्ष से कम उम्र के, 27 उम्मीदवार अनुसूचित जाति के हैं, 18 अनुसूचित जनजाति के हैं और 57 अन्‍य पिछड़ा वर्ग से हैं।

भाजपा ने किस किस को दिया टिकट

लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी अपनी मौजूदा सीट उत्‍तर प्रदेश में वाराणसी से, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से और गृहमंत्री अमित शाह गुजरात में गांधीनगर निर्वाचन क्षेत्र से ही फिर से चुनाव लड़ेंगे।

विनोद तावड़े ने यह भी बताया कि केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया गुजरात के पोरबंदर से और परषोत्तम रूपाला राजकोट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि मध्‍य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना से और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा सीट से प्रत्‍याशी होंगे। तो वहीं हेमा मालिनी को अपनी मौजूदा सीट मथुरा से और रवि किशन को गोरखपुर से चुनाव मैदान में उतारा गया है।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल राजस्‍थान में बीकानेर से, गजेंद्र सिंह शेखावत जोधपुर से और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कोटा से उम्‍मीदवार होंगे। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी उत्‍तर प्रदेश में अमेठी से भारतीय जनता पार्टी के उम्‍मीदवार होंगे।

दिल्ली की सात सीटों में से पार्टी ने 5 सीटों पर उम्‍मीदवारों की घोषणा की है। चांदनी चौक सीट से प्रवीण खडेलवाल, उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज नई दिल्ली सीट से, कमलजीत सहरावत पश्चिमी दिल्ली से और रामवीर सिंह बिधूड़ी दक्षिणी दिल्ली सीट से चुनाव मैदान में होंगे।

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल असम के डिब्रूगढ़, किरेन रिजिजू अरुणाचल-पश्चिम, अर्जुन मुंडा झारखंड में खूंटी से, अन्नपूर्णा देवी कोडरमा सीट से और राजीव चंद्रशेखर केरल की तिरुवनंतपुरम सीट से पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्‍लब कुमार देब त्रिपुरा-पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे। उत्तर प्रदेश में, चंदौली सीट से केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडे, आगरा से सत्यपाल सिंह बघेल और मुजफ्फरनगर से संजीव कुमार बालियान उम्मीदवार होंगे। राजस्थान की अलवर सीट से केन्द्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को इस बार उतारा गया है।

पश्चिम बंगाल में भाजपा ने केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रमाणिक को कूचबिहार से, लॉकेट चटर्जी को हुगली से और पवन सिंह को आसनसोल निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्‍याशी बनाया है।

Related Articles

Back to top button