‘शक्ति का विनाश करने निकले लोगों का विनाश होना तय है’, बिहार में बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को बिहार के गया और पूर्णिया में आयोजित विशाल जनसभाओं को संबोधित किया और बिहार की जनता से प्रदेश की हर सीट पर भारी बहुमत से एनडीए को विजयी बनाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि गया वो धरती है जिसने मगध का ऐश्वर्य और बिहार का वैभव देखा है। सदियों बाद भारत और बिहार अपने प्राचीन गौरव को वापस प्राप्त करने की दिशा में बढ़ रहा है। यह चुनाव विकसित बिहार के संकल्प का चुनाव है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि गया की धरती पर उमड़ा जनसैलाब साफ बता रहा है कि 4 जून को 400 पार के साथ एनडीए सरकार बनने जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दो दिन पूर्व ही भारतीय जनता पार्टी ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है, ऐसा पहली बार हो रहा है कि किसी पार्टी के संकल्प पत्र को गारंटी कार्ड बोला जा रहा है। बीते 10 वर्षों में देश ने देखा है कि ‘मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरी होने की गारंटी है’।

पीएम मोदी ने कहा कि “भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉक्टर राजेन्द्र बाबू और बाबा साहब भीम राम अंबेडकर का दिया हुआ ये संविधान न होता तो कभी पिछड़े परिवार में पैदा हुआ गरीब का बेटा देश का प्रधानमंत्री नहीं बन सकता था। भारत देश अनेक भाषाएं, बोलियां, रीति-रिवाज, पहनावा और जीवन शैलियों के साथ विविधताओं से भरा हुआ है और हर प्रकार के पंथ-संप्रदाय वाला देश है, ऐसे में देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक ही पवित्र व्यवस्था, देश का संविधान है। संविधान निर्माताओं का सपना था कि भारत समृद्ध बने, लेकिन दशकों तक देश पर शासन करने वाली कांग्रेस ने मौका और देश का समय गंवा दिया लेकिन आपके सेवक मोदी ने 25 करोड़ देशवासियों को गरीबी से बाहर निकाला है।” 

कांग्रेस और उसके साथियों ने सपने दिखाये भाजपा ने किए पूरे 

यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके साथियों ने दशकों तक गरीबों को मकान और रोटी के सपने दिखाए लेकिन 4 कारोड़ गरीबों को पक्के मकान एनडीए सरकार ने दिए हैं। दलित, पिछड़ा और आदिवासियों के नाम पर कांग्रेस और राजद ने सिर्फ अपना राजनीतिक स्वार्थ साधा है जबकि दलितों, पिछड़ों और वंचितों को अधिकार और सम्मानपूर्ण जीवन एनडीए ने दिया है।

पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 5 वर्षों तक मोदी का गारंटी कार्ड अपडेट हो गया है। गरीबों के लिए 3 करोड़ पक्के घर बनाए जाएंगे, नि:शुल्क राशन मिलेगा, 70 वर्ष की आयु से ऊपर के हर व्यक्ति को 5 लाख तक का निशुल्क इलाज मिलेगा, किसान सम्मान निधि आगे भी जारी रहेगी यह मोदी की गारंटी है। भाजपा के संकल्प पत्र में समाज के हर वर्ग और क्षेत्र के लिए विकास का ठोस रोड मैप बनाया गया है। गया में डोबी क्षेत्र की तस्वीर भी औद्योगिक कॉरिडोर से बदलने वाली है, जिसके बाद यहां के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। 

नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बीते 10 वर्षों में देश के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा एक क्रांति की शुरुआत हुई, जिसकी चर्चा कम होती है। देश की 10 करोड़ महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी हैं, जिसमें बिहार की 1.25 करोड़ बहनें और गया की 5.25 लाख बहनें शामिल हैं। कांग्रेस की सरकार में महिला स्वयं सहायता समूहों को बिहार में 150 करोड़ से भी कम मदद दी जाती थी लेकिन एनडीए सरकार के कार्यकाल में 40 हजार करोड़ से ज्यादा की मदद दी गई है। इसी प्रयास से अकेले बिहार में 12 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। अब भाजपा ने देश की 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का अभियान शुरू किया है जिसका बहुत बड़ा लाभ बिहार की महिलाओं को होगा।

श्री मोदी ने कहा कि भाजपा के एजेंडे में विकास भी है और विरासत भी है। गया की उत्तर कोयल परियोजना लंबे समय से अटकी हुई थी लेकिन एनडीए सरकार के कार्यकाल में इसी पटरी पर लाया गया है। इस परियोजना के पूरा होने से गया और औरंगाबाद के किसानों को सिचाई की सुविधा मिलेगी। एनडीए सरकार में प्रसाद योजना के अंतर्गत देश के 12 प्राचीन ऐतिहासिक धरोहरों में गया को भी शामिल किया है। गया पितृ श्राद्ध स्थल है, यहां भगवान बुद्ध को बुद्धत्व की प्राप्ति हुई थी। कम ही लोग जानते हैं कि गुजरात के पाटन जिले में सिद्धपुर में मातृ श्राद्ध स्थल माना जाता है और पाटन को मातृ गया भी कहा जाता है। बिहार में पितृ गया है और गुजरात में मातृ गया है। मोदी सरकार देश के सभी स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

नरेन्द्र मोदी ने आगे कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में भी भारत की विरासतों को वर्ल्ड हैरिटेज मैप पर लेकर जाने का संकल्प लिया है जिसमें गया को भी एक नई ऊंचाई पर पहुंचाया जाएगा। इस पहल से बड़ी संख्या में वैश्विक पर्यटक भारत आएंगे और इस पर्यटन का लाभ पूरे भारत के पर्यटक स्थलों को होगा। इसके अलावा आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत मोदी सरकार ने गया का तेजी से विकास किया है। अमृत स्टेशन योजना के तहत गया रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है। जनता को उत्साह ही आज मोदी सरकार के विकास का प्रतिबिंब बन गया है। लेकिन अभी तक जो विकास हुआ है, वो तो ट्रेलर है, अभी देश को बहुत आगे जाना है।

ये चुनाव दल का नहीं देश का चुनाव है

पीएम मोदी ने कहा कि ये चुनाव दल का नहीं देश का चुनाव है। एक ओर देश की संस्कृति पर गर्व करने वाला एनडीए गठबंधन है तो दूसरी ओर देश की आस्था की नीचा दिखाने वाले लोग हैं। कल, बुधवार को रामनवमी का पावन पर्व है, सूर्य की किरणें कल अयोध्या में राम लला के मस्तक का विशेषाभिषेक करेंगी लेकिन घमंडिया गठबंधन के नेताओं को राम मंदिर से भी परेशानी है। भगवान राम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़े करने वाले लोग आज राम मंदिर के लिए अपवित्र भाषा प्रयोग करने तक के निचले स्तर पर उतर आए हैं। घमंडिया गठबंधन के नेताओं ने एक समुदाय के तुष्टीकरण के लिए प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का निमंत्रण ठुकरा दिया। ये हमारे देश के संस्कार और परंपरा नहीं है। इस घमंडिया गठबंधन के एक नेता और कांग्रेस के युवराज तो खुलेआम हिंदू धर्म की शक्ति का विनाश करने की धमकी देते हैं। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज नवरात्रि का पावन पर्व है और भारत देश शक्ति का उपासक है, इस शक्ति का कोई विनाश नहीं कर सकता। शक्ति का विनाश करने निकले लोगों का विनाश होना तय है। इस गठबंधन के दूसरे साथी सनातन धर्म को डेंगू मलेरिया की संज्ञा देते हैं। ये सनातन धर्म, हमारे ऋषि- मुनियों और पूर्वजों का अपमान है। इंडी गठबंधन तो एक भी सीट जीतने के लायक नहीं है। घमंडिया गठबंधन के पास न कोई विजन है और न कोई विश्वास है। बिहार में इंडी गठबंधन के दल नीतीश कुमार के कार्यों को दिखाकर वोट मांगते हैं और नीतीश एवं केन्द्र सरकार के विकास कार्यों का क्रेडिट खाते हैं। राजद वर्षों तक बिहार पर राज करने के बावजूद अपने कार्यों पर चर्चा करने में अक्षम है। बिहार में जंगलराज का सबसे बड़ा चेहरा, भ्रष्टाचार का दूसरा नाम और बर्बादी की सबसे बड़ी गुनेहगार राजद है।

राजद ने बिहार को केवल जंगलराज और भ्रष्टाचार दिया है

नरेन्द्र मोदी ने कहा कि राजद ने बिहार को केवल जंगलराज और भ्रष्टाचार ही दिया है। राजद शासन के दौरान बिहार में अपहरण और फिरौती एक उद्योग बन गया था, महिलाएं घर से बाहर नहीं निकल पाती थी और गया जैसे कई क्षेत्र नक्सली हिंसा की आग में जलते रहते थे। राजद ने बिहार के कई परिवारों को पलायन के मजबूर कर दिया था। इंडी गठबंधन के दल आज लूट का यही खेल देश के साथ खेलना चाहते हैं। इनके खिलाफ भ्रष्टाचार के कार्रवाई होने पर ये दल मोदी के खिलाफ लामबंद हो जाते हैं। मोदी कहता है भ्रष्टाचार हटाओ तो ये कहते हैं कि भ्रष्टाचारी बचाओ। इंडी गठबंधन के नेताओं को लगता है कि बिहार की जनता इनकी बातों में आ जाएगी। स्मार्ट फोन के जमाने में बिहार के युवा भी इन जंगलराज के नेताओं के साथ नहीं जाएंगे। लालटेन के जमाने वाले लोग जनता को आधुनिक में नहीं जाने देंगे। राजद का राज होता तो बिहार में युवा अपने मोबाइल तक चार्ज नहीं कर पाते।

देश में सबसे ज्यादा शांति भाजपा सरकार में रही है

यशस्वी प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरा विश्व अस्थिरता के दौर से गुजर रही है इसीलिए देश को स्थिर और मजबूत सरकार की जरूरत है। इसके लिए पूरे देश में एनडीए का प्रचंड बहुमत से विजयी होना बहुत आवश्यक है। संविधान को राजनीतिक हथियार के रूप में उपयोग करने वाले लोगों ने पिछले 3 दशकों से लोगों को डराने के लिए भिन्न-भिन्न प्रकार की विकृत कथाएं प्रचलित की हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा और आरएसएस के सत्ता में आने पर देश के जल उठने की बात कही जाती थी लेकिन आज भाजपा पिछले 30 वर्षों से देश के अलग-अलग राज्यों और केन्द्र में सरकार चला रही है और देश में सबसे ज्यादा शांति भाजपा सरकार में रही है। विपक्षी नेता कहते थे कि भाजपा के शासन में आने पर अल्पसंख्यकों को देश छोड़कर भागना पड़ेगा, आज भाजपा शासन में सभी अल्पसंख्यक समुदाय पूरे देश के साथ चल रहे हैं और सभी योजनाओं का लाभ लेते हुए प्रगति कर रहे हैं। पहले कहा जाता था कि भाजपा प्रगतिशील नहीं है लेकिन भाजपा ने चंद्रमा पर चंद्रयान पहुंचाकर अपनी प्रगति का परचम लहरा कर दिखा दिया।

नरेन्द्र मोदी ने विपक्ष पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि अब विपक्ष भाजपा द्वारा संविधान बदले जाने का झूठ फैला रहा है लेकिन सत्य तो ये है कि मोदी तो क्या स्वयं बाबा साहब अंबेडकर भी संविधान को नहीं बदल सकते। सनातन को गाली देने वाले लोगों को पता होना चाहिए कि देश को ताकत देने वाले इस संविधान को बनाने वाली संविधान सभा में 80 प्रतिशत से ज्यादा सदस्य सनातनी थे। उन सनातनियों ने इस उत्तम संविधान बनाने में बाबा साहब अंबेडकर का साथ दिया है। देश की आजादी के बाद संविधान को राजनीतिक हथियार के रूप में प्रयोग करने की बजाय श्रद्धा के रूप में जनता के मन में प्रस्थापित करना चाहिए था। जो रामायण, महाभारत और गीता में आस्था रखता है, वो आज के युग में संविधान में ही उतनी ही आस्था रखता है।

पीएम ने कहा कि विपक्ष ने संविधान का राजनीतिकरण करने की कोशिश की है और भाजपा ने संविधान के प्रति आस्था पैदा करने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। भाजपा ने संविधान दिवस मनाना शुरू किया है। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसद में संविधान दिवस मनाए जाने के प्रस्ताव का विरोध किया था। भाजपा ने हर विद्यालय में संविधान का पाठ कराने की परंपरा प्रारंभ की है। आज संविधान दिवस पर सुप्रीम कोर्ट दो दिवसीय सेमिनार आयोजित करता है, संसद में इस पर चर्चा होती है और भाजपा ने संविधान से 75 वर्ष मनाने का सबसे बड़ा कार्यक्रम प्रारंभ किया है। विपक्ष के लिए संविधान राजनीति का हथकंडा होगा लेकिन भाजपा के लिए संविधान श्रद्धा और आस्था का केन्द्र है।

भाजपा के लिए संविधान श्रद्धा और आस्था का केन्द्र है

भाजपा संविधान को मार्गदर्शक मानकर अपने विकसित भारत के सपने को पूरा करने की ओर आगे बढ़ रही है। भारत के संविधान में सामाजिक न्याय लाने और मिल सांप्रदाय की सच्ची भावना को उजागर की ताकत है। भाजपा द्वारा बाबा साहब को दिए गए सम्मान के बाद विपक्ष को संविधान के बारे में बोलने का कोई अधिकार नहीं है। भाजपा ने बाबा साहब अंबेडकर के जीवन के पांच महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ बनाया है। इस वर्ष संविधान के 75 वर्ष की शुरुआत हो रही है। जैसे आजादी के 75 वर्ष पर देश ने अमृत महोत्सव मनाया इसी तरह इस बार देश के कोने कोने तक बाबा साहब के संविधान की भावना को लेकर जाएंगे। देश में झूठी बातें फैलानें को वालों को हमेशा के लिए चुप करने आवश्यक है और इस जनता का वोट इन नेताओं को सदैव के लिए शांत कर देगा।

जो देश हमें आखें दिखाता था वो आज कटोरा लेकर भटक रहा है

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन में पड़ोसी देश आए दिन देश में आतंकवादी हमले कर देते थे और हमारे जवान शहीद होते थे। पूरा देश गुस्से में उबलता रहता था लेकिन सरकारें कुछ नहीं कर पाती थी लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद भारतीय सेना ने घर में घुसकर दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया और जो देश हमें आखें दिखाता था वो आज कटोरा लेकर भटक रहा है। दशकों से देश की जनता कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाने की मांग कर रहे थे। दशकों तक देश पर राज करने वाले और भाजपा को संविधान के नाम पर गाली देने वाले नेताओं में इतनी हिम्मत नहीं थी कि बाबा साहब के संविधान को वे जम्मू कश्मीर में लागू कर पाएं। लेकिन मोदी संविधान को समर्पित है। भाजपा ने धारा 370 हटाई और आज जम्मू कश्मीर में भारत का संविधान लागू हो गया। विपक्षी नेता कहते थे कि धारा 370 हटने के बाद कश्मीर में आग लग जाएगी लेकिन आज कश्मीर में नहीं, भारत को बांटने के मंसूबे रखने वालों के दिल में आग लग रही है।

श्री मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने मखाने के बीज को वैश्विक पहचान दिलाई है और मक्के पर भी न्यूनतम समर्थन मूल्य को बढ़ाया है। मोदी सरकार सीमांचल में अच्छी सड़कों का निर्माण करवा रही है और जल्द ही पूर्णिया में हवाई अड्डा भी बनने जा रहा है। भाजपा सरकार सीमांचल में वंदे भारत और अमृत भारत ट्रेनों का संचालन शुरू करने जा रही है। मोदी के लिए जनता के सपने ही संकल्प हैं। मोदी सरकार ने गांव, गरीब, दलित की वंचित दशकों की समस्या का समाधान किया है। मोदी सरकार ने 4 करोड़ से अधिक आवास बनवाए, 50 करोड़ से अधिक जनधन खाते खुलवाए, करोड़ों महिलाओं को उज्जवला सिलिंडर दिए, 11 करोड़ परिवारों तो हर घर नल से पहुंचाया और 11 करोड़ किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि का लाभ भेजा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सीमांचल बिहार का एक संवेदनशील इलाका है। वोट बैंक की राजनीति करने वाले विपक्षी नेताओं ने पूर्णिया और सीमांचल को अवैध घुसपैठ का ठिकाना बनाकर यहां की सुरक्षा को दांव पर लगाया है, इसका शिकार दलित, वंचित, पिछड़े और गरीब लोगों को होना पड़ा। दलित भाइयों के घरों तक को यहां जलाया गया था लेकिन देश की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाला हर तत्व सरकार की नजरों में है और 4 जून का परिणाम इसी सीमांचल की सुरक्षा तय करेगा।

श्री मोदी ने कहा कि देश की जनता ने ये तय किया है इस बार एनडीए को 400 पार के साथ विजयी बनाना है क्योंकि देश की जनता भारत को 2047 में विकसित देश के रूप में देखना चाहती है और साथ ही देश को लूटने वालों को, भ्रष्टाचारियों और संविधान के साथ खिलवाड़ करने वालों को सजा देने के लिए भी जनता एनडीए को 400 पार देना चाहती है। यह चुनाव एनडीए को जिताने के साथ-साथ देश में तबाही की आदत रखने वालों को सजा देने का भी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 19 अप्रैल को गर्मी कितनी भी हो, सुबह-सुबह अधिक से अधिक मतदान करके एनडीए को हर बूथ जिताना है और गया के घर-घर तक मोदी जी का प्रणाम जनता को पहुंचाना है।

गया की जनसभा में मंच पर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा अध्यक्ष और गया से एनडीए प्रत्याशी जीतन राम मांझी, लोक जनशक्ति पार्टी (पारस गुट) के अध्यक्ष पशुपतिनाथ पारस, बिहार के उप-मुख्यमंत्री विजय सिन्हा और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ प्रेम कुमार उपस्थित स्थित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे जबकि पूर्णिया की जनसभा में पूर्णिया से एनडीए प्रत्याशी संतोष कुशवाहा (जदयू), कटिहार से एनडीए प्रत्याशी दुलाल चन्द्र गोस्वामी (जदयू), जदयू से राज्य सभा सांसद संजय झा, पूर्व उप-मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता तारकेश्वर प्रसाद सहित कई वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button