Delhi Mayor Election: ‘आप’ की शैली ओबेरॉय जीतीं, दिल्ली को दो महीने बाद मिल सका मेयर

शैली ओबेरॉय को 150 और भाजपा की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 116 वोट मिले

नई दिल्ली, सार्थक। दिल्ली नगर निगम में आज मेयर का चुनाव आखिरकार सम्पन्न हो ही गया। जिसमें आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय (Shaily Oberoi ) को 150 वोट मिलने पर उन्हें विजयी घोषित कर दिया गया। जबकि भाजपा की प्रत्याशी रेखा गुप्ता को 116 वोट मिले, इससे वह  चुनाव हार गईं। मतदान की यह प्रक्रिया करीब दो घंटे तक चली। इधर यह दिलचस्प है कि रेखा गुप्ता चाहे चुनाव हार गईं लेकिन उन्हें भाजपा के निर्धारित 113 मतों से 3 मत अधिक मिले।

मेयर चुनाव में दिल्ली के कुल 10 मनोनीत सांसदों, 14 मनोनीत विधायकों और 250 में से 241 निर्वाचित पार्षदों ने मतदान  किया. जबकि कांग्रेस के 9 पार्षदों में से 8 ने मतदान का बहिष्कार  किया। हालांकि  कांग्रेस की  एक पार्षद शीतल ने मतदान  में हिस्सा लिया. चुनाव में पहले सांसदों ने मतदान किया। उनके बाद विधायकों और फिर 241 पार्षदों ने वोट डाले।

बता दें सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आज  मेयर चुनाव कराया गया. इससे पूर्व तीन बार हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा था।  आज मेयर, डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमेटी के सदस्यों का चुनाव निर्धारित हुआ था . सदन के बाहर आज भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। जिसमें पुलिस और अर्धसैनिक शामिल हैं।

दिल्ली नगर निगम का चुनाव 4 दिसंबर 2022 को  हुआ था। जिसके नतीजे 7 दिसंबर को आने पर कुल 250 सीटों में  ‘आप’ को 134 और भाजपा को 104 सीटें मिलीं। चुनावों के एक महीने बाद, सदन की बैठक  6 जनवरी को रखी गयी थी।  हालांकि आप और भाजपा के  सदस्यों के बीच हुए हंगामे के कारण  तब मतदान नहीं हो सका था। ऐसे ही  24 जनवरी और फिर 6 फरवरी को होने वाली दूसरी और तीसरी बैठक भी स्थगित कर दी गई।

इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने  17 फरवरी को महापौर, उप महापौर और नगर निकाय की स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव की तारीख तय करने के लिए 24 घंटे के भीतर नोटिस जारी करने का आदेश दिया था।  अदालत ने यह भी कहा कि उपराज्यपाल द्वारा एमसीडी में नामित सदस्य महापौर चुनने के लिए मतदान नहीं कर सकते है।  उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने 22 फरवरी को चुनाव कराने की स्वीकृति दी थी।

 

Related Articles

Back to top button