Oscar Awards 2023: ऑस्कर पर लगी हैं देश की निगाहें, क्या भारत को मिलेगा ऑस्कर

  • प्रदीप सरदाना

वरिष्ठ पत्रकार एवं फिल्म समीक्षक

ऑस्कर अवार्ड (Oscar Award) शुरू होने में अब कुछ ही देर है। ऑस्कर को विश्व का सबसे बड़ा फिल्म अवार्ड माना जाता है। इसलिए यूं तो पूरा विश्व ही इस समारोह पर नज़र बनाए रखता है। लेकिन इस बार भारत को ऑस्कर में तीन नॉमिनेशन मिले हैं। इसलिए ऑस्कर पर भारत की निगाहें तो खास तौर से लगी हैं।

इस साल के ऑस्कर अवॉर्ड में जहां फ़िल्मकार एसएस राजामौली की सुप्रसिद्द  फिल्म ‘आरआरआर’ के गीत ‘नातू-नातू’ को बेस्ट ऑरिजनल सॉन्ग में नॉमिनेशन मिला है। वहाँ ‘ऑल दैट ब्रीथ्स’  को बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर और ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ को बेस्ट शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री में नॉमिनेशन मिला है।

‘नातू नातू’ गीत जब से अपने ऑस्कर नॉमिनेशन को लेकर सुर्खियों में आया है तब से देश भर में ही नहीं पूरी दुनिया में बसे भारतीयों का जोश देखते ही बनता है। इस नॉमिनेशन से भारतीयों को एक बड़ी उम्मीद बंध गयी है। यह सब देखते हुए जहां ‘आरआरआर’ देश में कई जगह फिर से थिएटर में प्रदर्शित हो रही है। वहाँ विभिन्न टीवी चैनल्स पर भी इसका प्रसारण हो रहा है। यहाँ तक अमेरिका में भी ‘आरआरआर’ को फिर से रिलीज किया गया है। उधर नॉमिनेशन के बाद ‘नातू नातू’ गीत पहले से भी कहीं अधिक लोकप्रिय हो गया है।

                                                   समारोह में रहेगी ‘नातू नातू’ की धूम

इन 95 वें ऑस्कर अवार्ड समारोह का आयोजन लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में भारतीय समय के अनुसार 13 मार्च सुबह 6.30 बजे से होगा। भारतीय दर्शक इस समय ऑस्कर की लाइव स्ट्रीमिंग डिज्नी+हॉटस्टार पर देख सकेंगे। समारोह में ‘नातू नातू’ को अवार्ड मिलता है या नहीं यह तो तभी पता लगेगा। लेकिन समारोह के दौरान इस गीत की विशेष प्रस्तुति निर्धारित है। मूल ट्रैक को अपनी आवाज देने वाले गायक राहुल सिप्लिगुंज और काल भैरव के साथ संगीतकार एमएम कीरावनी ऑस्कर समारोह में, इस तीव्र गति वाले गीत का प्रदर्शन करेंगे। असल में ऑस्कर समारोह में बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग नॉमिनी द्वारा लाइव परफॉर्मेंस की परंपरा बरसों पुरानी है। उधर राम चरण, एनटीआर जूनियर और एसएस राजामौली पहले ही लॉस एंजिल्स पहुँच चुके हैं। जिससे यदि ‘नातू नातू’  को ऑस्कर मिलता है तो ये स्वयं अवार्ड लेंगे भी और वहाँ जश्न भी जमकर मनाएंगे।

                                                     दीपिका करेगी अवार्ड प्रेजेंट

उधर देश के लिए यह भी सुखद है कि हमारी अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को ऑस्कर अवार्ड प्रेजेंट करने वाले लोगों की सूची में शामिल किया गया है।

‘नातू नातू’ के अलावा इस बार भारत की दो और फिल्में भी ऑस्कर के लिए नामांकित हैं। जिनमें एक शौनक सेन की डॉक्यूमेंट्री फीचर ‘ऑल दैट ब्रीथ्स’ है। यह फिल्म पर्यावरण के बदलाव को लेकर है। दिल्ली की पृष्ठ भूमि पर बनी यह फिल्म  भाई-बहन मोहम्मद सऊद और नदीम शहजाद की कहानी है। जो चील और अन्य घायल पक्षियों को बचाने और उनका इलाज करने के लिए दिल ओ जान से जूटे हैं। हालांकि ‘ऑल दैट ब्रीथ्स’ के लिए पुरस्कार की राह इतनी आसान नहीं है। क्योंकि उसके सामने प्रतियोगिता में ‘ऑल द ब्यूटी एंड द ब्लडशेड’, ‘फायर ऑफ लव’, ‘ए हाउस मेड ऑफ स्प्लिंटर्स ‘और ‘नवलनी’ जैसी चर्चित डॉक्यूमेंट्री फीचर नामांकित हैं। लेकिन उम्मीद पर दुनिया कायम है।

ऑस्कर में जो एक और डॉक्यूमेंट्री  फिल्म नामांकित है, वह है गुनीत मोंगा की  ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’। यह नेटफ्लिक्स की एक डॉक्यूमेंट्री है, जो एक अकेले छोड़ दिए गए हाथी पर केन्द्रित है। फिल्म हाथी और उसकी देखभाल करने वालों के अनुपम रिश्तों को भी बखूबी दर्शाती है। इस श्रेणी में फिल्म के साथ जो अन्य फिल्म प्रतियोगिता में हैं उनमें हॉलआउट, हाउ डू यू मेजरमेंट ए ईयर?, द मार्था मिशेल इफेक्ट और स्ट्रेंजर एट द गेट शामिल हैं।

यह देखना दिलचस्प रहेगा कि इस ऑस्कर समारोह में भारत की झोली में क्या आता है।

 

Related Articles

Back to top button