Ram Mandir Darshan Timings: राम लला के दर्शन करने के समय में हुआ बड़ा बदलाव, अब दोपहर 1 घंटे बंद रहेंगे राम मंदिर के कपाट

श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने शुक्रवार से दोपहर में एक घंटे के लिए राम मंदिर के कपाट बंद रखने का फैसला लिया है। राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास के अनुसार रामलला शुक्रवार से दोपहर में एक घंटे का विश्राम करेंगे।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद मंदिर में आने वाले भक्तों की भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट ने दर्शन का समय सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक बढ़ा दिया है।

आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा, ‘श्री रामलला पांच साल के बाल स्वरूप में हैं, इसलिए बाल देवता को कुछ आराम देने के लिए ट्रस्ट ने फैसला किया है कि मंदिर के कपाट दोपहर में एक घंटे तक बंद कर दिए जाएंगे।’ उन्होंने बताया कि मंदिर दोपहर साढ़े 12 बजे से दोपहर एक बजकर 30 मिनट तक बंद रहेगा।

प्रतिष्ठा समारोह से पहले रामलला के दर्शन का समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक था, जिसमें दोपहर 1:30 से 3:30 तक दो घंटे दर्शन बंद रहते थे।

 

Related Articles

Back to top button