देश के खिलाफ इस पाप के लिए राहुल गांधी को मांगनी होगी माफी- नड्डा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) भारत के खिलाफ काम करने वाले ‘टूलकिट का स्थायी हिस्सा’ बन गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता को भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी ताकतों से ‘हस्तक्षेप’ की मांग करने के लिए माफी मांगनी होगी।

नड्डा ने एक बयान में कहा कि भारत विरोधी ताकतों को हमेशा से दृढ़ भारत, उसके मजबूत लोकतंत्र और निर्णायक सरकार से समस्याएं रही हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी धरती पर भारत में लोकतंत्र की स्थिति की आलोचना करके और अमेरिका तथा यूरोप के हस्तक्षेप की मांग करके गांधी ने देश की सम्प्रभुता पर हमला किया है। उन्होंने कहा, ‘लोगों द्वारा बार-बार अस्वीकार किए जाने के बाद राहुल गांधी भारत के खिलाफ काम करने वाले ‘टूलकिट’ का स्थायी हिस्सा बन गए हैं।’

उन्होंने कांग्रेस के पूर्व प्रमुख पर ब्रिटेन में भारत, उसकी संसद, उसकी लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार और लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन एक ऐसा देश है, जिसने भारत पर लंबे समय तक शासन किया। भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि गांधी ने विदेशी धरती पर जो किया, उससे देश के खिलाफ काम करने वालों को मजबूती मिली है।

भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यह भी कहा “स्वतंत्र भारत के इतिहास में विषम से विषम स्थिति में भी आज तक देश के किसी भी बड़े नेता ने विदेश में जाकर विदेशी ताकतों से भारत सरकार के खिलाफ कार्यवाही करने का आह्वान नहीं किया है। राहुल जी, आपका यह कृत्य स्वतंत्र भारत के इतिहास का सबसे गंभीर मामला है। इससे जनता में भारी आक्रोश है। जन-प्रतिनिधियों में भी वही आक्रोश दिख रहा है। हर राष्ट्रभक्त सांसद इस समय अंदर से आहत है। राहुल गाँधी जी, आपको देश के खिलाफ इस पाप के लिए देश की जनता से माफी मांगनी ही होगी।“

नड्डा ने कहा “अब यह स्पष्ट हो गया है कि मणिशंकर अय्यर का प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को हटाने के लिए पाकिस्तान से मदद की गुहार लगाना और सलमान खुर्शीद का मोदी जी को हटाने में विदेशी मदद की मांग करना उनकी व्यक्तिगत सोच नहीं थी बल्कि यह कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व की सोच है। जिस इंग्लैण्ड ने हम पर वर्षों तक शासन किया, उसी सरजमीं पर जाकर राहुल गाँधी स्वयं भारत में विदेशी ताकतों से दखल देने की मांग कर रहे हैं। ये देश का दुर्भाग्य नहीं है तो और क्या है?”

उधर इस सब पर कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी माफी नहीं मांगेंगे और उन्होंने संसद के दोनों सदनों में सत्तारूढ़ पार्टी के सदस्यों द्वारा की जा रही आलोचना का जवाब देने के लिए संसद में बोलने की अनुमति मांगी है।

 

Related Articles

Back to top button