जादूगर सम्राट शंकर ने की हिमाचल के सीएम सुक्खू और विधानसभा अध्यक्ष पठानिया से मुलाक़ात

नई दिल्ली, कृतार्थ सरदाना। देश के नंबर वन जादूगर सम्राट शंकर ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू से मुलाक़ात की। साथ ही वह हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से भी मिले। विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय कक्ष में हुई इस मुलाक़ात के दौरान लोक निर्माण एवं युवा सेवाएँ मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा विधायक नन्द लाल और पूर्व विधायक तिलक राज भी मौजूद थे।

अपनी इस मुलाक़ात के दौरान सम्राट शंकर ने अपने कुछ जादुई खेल भी इन महानुभावों को दिखाये तो वे बहुत खुश हुए। मुख्यमंत्री सुक्खू और अध्यक्ष पठानिया सहित सभी ने सम्राट शंकर के जादू और उनके किए गए कार्यों की सराहना की।

जादूगर शंकर पिछले 45 से अधिक बरसों से देश-विदेश में भारत की इस प्राचीन कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। अब तक वह लगभग 30 हज़ार शो कर चुके हैं। जिनमें 15 हज़ार शो तो उन्होंने जन कल्याण के लिए किए हैं। बड़ी बात यह भी है कि वह देश के अकेले ऐसे जादूगर हैं जिनके जादू को देश के विभिन्न राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और अनेक मंत्रियों सहित विभिन्न प्रदेशों के कितने ही राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी देख चुके हैं। यहाँ तक कई फिल्म सितारे भी उनकी इस जादुई प्रतिभा के कायल हैं।

जादूगर शंकर कहते हैं- हिमाचल प्रदेश मेरा हमेशा प्रिय स्थल रहा है। यहाँ शिमला, कुल्लू, मनाली, कांगड़ा, मंडी सहित राज्य के सभी प्रमुख शहरों में हम अब तक कई शो कर चुके हैं। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी  ने भी एक बार मेरे जादुई खेल को मनाली में ही देखा था। इस बार राज्य से मेरे कई प्रशंसक मुझे लगातार यहाँ फिर शो करने के लिए आग्रह कर रहे हैं। इसलिए हमारी योजना है कि हम जल्द ही यहाँ पहले शिमला में और फिर कुछ अन्य शहरों में अपने शो आयोजित करें।

Related Articles

Back to top button