Karnataka Election Results 2023: कांग्रेस को दिया जनता ने स्पष्ट बहुमत

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर लिया है। निर्वाचन आयोग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस ने राज्‍य की 224 विधानसभा सीटों में से 125 सीटें जीत ली हैं और 11 निर्वाचन क्षेत्रों में बढ़त बनाए हुए है। भारतीय जनता पार्टी ने 58 सीटें जीती हैं और 6 सीटों पर उसके प्रत्‍याशी आगे चल रहे हैं। जनता दल-सेक्‍युलर ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की है और एक सीट पर आगे है। चार सीटों पर निर्दलीय और अन्य प्रत्‍याशी आगे चल रहे हैं।

मुख्‍यमंत्री बसवराज बोम्‍मई ने शिग्‍गांव सीट पर कांग्रेस के यासिर अहमद खान पठान को लगभग 36 हजार मतों से हराया। हाल ही में भाजपा छोडकर कांग्रेसा में शामिल हुए पूर्व मुख्‍यमंत्री जगदीश शेट्टार को हुब्‍बली-धारवाड मध्‍य सीट पर भाजपा प्रत्‍याशी ने 34 हजार से अधिक मतों से पराजित किया। पूर्व मुख्‍यमंत्री और जनता दल-सेक्‍युलर के एच डी कुमारस्‍वामी ने चेन्‍नपटना सीट 16 हजार से मतों से जीत ली है। कांग्रेस के पूर्व मुख्‍यमंत्री सिद्धरमैया ने वी० सोमन्‍ना को 46 हजार 163 मतों से वरूणा सीट जीत ली। प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष डी.के.शिवकुमार ने एक लाख 22 हजार 392 मतों से कनकपुरा सीट पर विजय प्राप्‍त की।

पूर्व मुख्‍यमंत्री और भाजपा के बी एस येडियुरप्‍पा के पुत्र विजेन्‍द्र येडियुरप्‍पा ने शिकारीपुरा सीट 11 हजार से अधिक मतों से जीती।चित्तपुर सीट से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पुत्र प्रियांक खड़गे ने भाजपा के मणिकांत राठौड़ को तेरह हजार 640 वोटों से हराया। कानून और संसदीय कार्य मंत्री जे सी मदुस्वामी चिक्कानायकनहल्ली में जनता दल-सेक्‍युलर के सी बी सुरेश बाबू से 10 हजार 42 मतों से हार गए हैं। चिक्काबल्लापुर सीट पर स्वास्थ्य मंत्री के० सुधाकर को कांग्रेस के प्रदीप ईश्वर से दस हजार 642 मतों से हार का सामना करना पडा।

परिवहन मंत्री बी श्रीरामुलु, बल्लारी सीट पर कांग्रेस के बी० नागेंद्र से 29 हजार 300 मतों से हार गए। विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी सिरसी सीट पर कांग्रेस के भीमन्ना नाइक से आठ हजार 712 मतों से पराजित हुए। 224 विधानसभा सीटों के लिए बुधवार को रिकॉर्ड 73.19 प्रतिशत  मतदान हुआ था। मौजूदा विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 116 विधायक, कांग्रेस के 69, जनता दल-सेक्‍युलर के 29, बहुजन समाज पार्टी का एक और दो निर्दलीय विधायक थे।

Related Articles

Back to top button