Lenovo Tech World India 2023 में कंपनी ने दिखाया अपना जलवा, एक से एक शानदार गैजट होंगे लॉन्च इस साल

नई दिल्ली, कृतार्थ सरदाना। कंप्यूटर और लैपटॉप बनाने वाली दिग्गज कंपनी लेनोवो (Lenovo) ने दिल्ली में अपना वार्षिक समारोह Lenovo Tech World India का आयोजन किया। वर्ष 2023 के अपने इस समारोह में लेनोवो ने एक ओर जहां भारत में लॉन्च होने वाले अपने सभी उत्पादों को प्रदर्शित किया। तो वहीं दूसरी ओर  ‘स्मार्टर टेक्नोलॉजी इज एम्पॉवरिंग ए चेंजिंग वर्ल्ड’ विषय पर टेक्नोलॉजी  उद्योग के कई दिग्गजों और कुछ अन्य हस्तियों के साथ दिन भर चर्चा की।

लेनोवो के टेक वर्ल्ड इंडिया समारोह को करीब 200 से अधिक लोगों ने देखा, जिनमें सरकारी और गैर-सरकारी अधिकारी, के साथ टेक-आई टी जगत के लोग भी शामिल हुए। समारोह में  5G के साथ डिजिटल परिवर्तन, स्मार्टर इंडिया, इंटेलिजेंट कंप्यूटिंग, स्मार्ट वर्कप्लेस, मेटावर्स (Metaverse)  और अगली वास्तविकता, जैसे विविध विषयों पर वक्ताओं और पैनलिस्ट ने चर्चा की।

भारत को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने पर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री, राजीव चंद्रशेखर ने  एक बातचीत में कहा कि  यह भारत के लिए Techade का नेतृत्व करने और उसे आकार देने का बड़ा मौका  है। इस अवसर पर भारत सरकार के G20 शेरपा, अमिताभ कांत ने “स्मार्टर इंडिया: डिलीवरिंग द इंडिया प्रॉमिस फॉर नेक्स्ट टेकेड” विषय पर अपने विचार साझा किए।

लेनोवो इंडिया के प्रबंध निदेशक, शैलेन्द्र कत्याल ने इस समारोह में कहा, ” हम भारत के विकास पथ को आकार देने के लिए उत्साहित और प्रतिबद्ध हैं । हमारी कंपनी के लेटेस्ट टेक्नॉलजी वाले शानदार उत्पाद डिजिटल इंडिया मिशन को आगे बढ़ाने में अपना पूरा सहयोग देंगे।

इस समारोह में मारुति सुज़ुकी (Maruti Suzuki) के CIO (Chief Information Officer) राजेश उप्पल (Rajesh Uppal) और महिंद्रा ग्रुप (Mahindra Group) की CIO रुचा नानावटी (Rucha Nanavati) ने भी पैनलिस्ट के रूप में अपने अपने विचार बहुत सशक्त ढंग से रखें। समारोह का आकर्षण दीपा मालिक भी रहीं। पैरालम्पिक  में पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला दीपा मलिक ने भी पैनलिस्ट के रूप में मंच पर अपने विचार अच्छे ढंग से साझा किए।

टेकवर्ल्ड इंडिया में प्रौद्योगिकी शोकेस में अनुभव क्षेत्र में लेनोवो के नवीनतम उपकरणों, समाधानों और साझेदारियों की एक विविध लाइन-अप देखी गई। समर्पित वर्गों में ‘वर्ल्ड ऑफ थिंक’, ‘क्रिएटर्स स्टूडियो’, ‘गेमर्स हब’, ‘डुकाटी एक्सपीरियंस जोन’, ‘नेक्स्ट रियलिटी एंड एआर/वीआर शोकेस’, नेपच्यून वाटर कूलिंग टेक्नोलॉजी और ‘सिक्योरिटी हब’ शामिल थे।

लेनोवो ने समारोह का अंत भी बेहद शानदार तरीके से किया। इसके लिए कंपनी ने 3 ग्रैमी पुरस्कार (Grammy Award) विजेता संगीतकार रिकी केज (Ricky Kej) को बुलाया, जिन्होंने अपनी टीम के साथ उस शाम को सुरमय बना दिया। कार्यक्रम में वरिजश्री वेणुगोपाल ने तो अपने बांसुरी वादन से सभी का दिल जीत लिया।

क्या क्या होगा लॉन्च इस साल

लेनोवो वर्ष 2023 में कई आकर्षक उत्पादों को भारत में पेश करने जा रहा है। इस ईवेंट में कंपनी ने योगा सीरीज के नए लैपटॉप के साथ डुअल स्क्रीन लैपटॉप, फोल्डेबल लैपटॉप भी प्रदर्शित किए। यह देखने में काफी आकर्षित लगे। लेनोवो ने वर्ष 2023 के नए डेस्कटॉप भी दिखाए जिसमें रोटेटेबल स्क्रीन वाला डेस्कटॉप भी शामिल था। इस डेस्कटॉप को लेनोवो ने हाल ही में भारत में पेश भी कर दिया है। इसके साथ ही लेनोवो ने टैबलेट और स्मार्ट ग्लास को भी प्रदर्शित किया।

इतना ही नहीं लेनोवो ने अपने ब्रांड मोटोरोला (Motorola) से भी एक नए ThinkPhone को भी दिखाया। यह एक ऐसा फ्लैगशिप स्मार्टफोन है, जो वॉटरप्रूफ और डस्टप्रूफ तो है ही, साथ ही कंपनी ने इसे बेहद मजबूत बनाया है। हमने खुद इस स्मार्टफोन को गिरा कर देखा लेकिन फोन पर एक खरोच तक नहीं आई।

लेनोवो ने अपने इस ईवेंट में दिखा दिया कि वो इस साल कितने शानदार उत्पाद पेश करने वाली है। इससे वर्ष 2023 में डेस्कटॉप से लेकर लैपटॉप, टैबलेट और स्मार्टफोन तक किसी भी क्षेत्र में कंपनी पीछे नहीं रहना चाहती है।

 

 

Related Articles

Back to top button