गुजरात के चिड़ियाघर में दरियाई घोड़े ने मचाया बवाल, 2 कर्मचारी को किया गंभीर रूप से घायल

गुजरात के वडोदरा शहर में एक चिड़ियाघर में क्यूरेटर और सुरक्षा पर्यवेक्षक पर एक दरियाई घोड़े ने हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों का इलाज चल रहा है। सुरक्षा पर्यवेक्षक की हालत गंभीर है।

वडोदरा के नगर आयुक्त बी. एन. पाणि ने बताया कि घटना शाम के समय हुई जब सयाजी बाग चिड़ियाघर के क्यूरेटर जानवरों की नियमित जांच के लिए दरियाई घोड़े के बाड़े में गए थे। तभी जानवर ने क्यूरेटर प्रत्युष पाटणकर और सुरक्षा पर्यवेक्षक ईथाप रोहिदास पर हमला कर दिया।

दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पाणि ने बताया कि सुरक्षा पर्यवेक्षक की हालत गंभीर बनी हुई है और वह चिकित्सकों की निगरानी में है। वडोदरा चिड़ियाघर में मादा दरियाई घोड़ा डिंपी और उसकी संतान मंगल रहते हैं। पिछले दिनों डिंपी ने अपने नर साथी पर हमला कर उसे मार डाला था।

Related Articles

Back to top button