Haldwani Violence: हल्द्वानी हिंसा में हुई 6 की मौत, सीएम धामी ने दंगइयों को देखते ही गोली मारने का दिया आदेश

उत्तराखंड के हल्द्वानी में बृहस्पतिवार को ‘अवैध’ मदरसा और नमाज स्थल गिराये जाने के दौरान भड़की हिंसा में घायल हुए 6 दंगइयों की मौत हो गयी। एसपी (सिटी) हरबंस सिंह ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के बनभूलपुरा क्षेत्र में हिंसा के बाद तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया और दंगइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए। शहर के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

एक पत्रकार समेत सात घायलों का शहर के तीन अस्पतालों में इलाज चल रहा है। विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराए गए 60 अन्य लोगों में से अधिकांश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

झड़प के एक दिन बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए हल्द्वानी का दौरा करने वाले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह पुलिस कर्मियों पर ‘योजनाबद्ध हमला’ था। उन्होंने हल्द्वानी पहुंचकर बनभूलपुरा में हुई घटना में घायल महिला पुलिस दल समेत अन्य पुलिसकर्मियों, प्रशासन, नगर निगमकर्मी और पत्रकार साथियों का हाल चाल जाना। सीएम धामी ने कहा जिन लोगों ने क़ानून तोड़ा है एवं सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है उनके सारे वीडियो फुटेज और फुटप्रिंट उपलब्ध हैं। सभी उपद्रवियों को चिन्हित कर, उन पर विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया गतिमान है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद मीणा ने कहा कि अराजक तत्वों द्वारा बनभूलपुरा थाने और पुलिसकर्मियों पर हमला किए जाने के दौरान पुलिस को आत्मरक्षा में बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस थाने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने के संबंध में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना के संबंध में तीन प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मीणा ने कहा कि भीड़ को उकसाने में करीब 15-20 लोग संलिप्त हो सकते हैं। जिलाधिकारी ने कहा, ‘बृहस्पतिवार को हुई हिंसा पूरी तरह से अकारण थी और अराजक तत्वों का काम थी, जो ढांचों को बचाने की कोशिश नहीं कर रहे थे, बल्कि अधिकारियों, राज्य सरकार की मशीनरी और कानून-व्यवस्था को निशाना बना रहे थे।’
उपद्रवियों ने पेट्रोल बम फेंके : नैनीताल की जिलाधिकारी वंदना सिंह ने कहा कि उपद्रवियों की भीड़ ने पुलिसकर्मियों और नगर निगम के कर्मचारियों पर पथराव किया। पेट्रोल बम फेंक कर पुलिस थाने को जलाने का प्रयास किया।
रासुका के तहत कार्रवाई होगी – डीजीपी

उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार ने शुक्रवार को कहा कि हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में बृहस्पतिवार को पुलिसकर्मियों पर हमला करने तथा आगजनी एवं तोड़फोड़ में शामिल तत्वों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की जाएगी।

हिंसाग्रस्त शहर में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लेने के बाद कुमार ने कहा कि पहली प्राथमिकता हल्द्वानी में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करना है।

अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अंशुमान सिंह भी इस दौरान कुमार के साथ रहे। उन्होंने कहा, ‘बनभूलपुरा में पुलिसकर्मियों पर हमला करने वाले तथा तोड़फोड़ और आगजनी करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button