दीपोत्सव 2023: दिवाली पर राम नगरी अयोध्या में बनेगा विश्व रिकॉर्ड, इस बार जलाए जाएंगे 24 लाख दीए

अयोध्या, कपिल देव सिंह। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप राम नगरी अयोध्या में राम की पैड़ी समेत सरयू नदी तट के 47 घाटों को इस बार 11 नवंबर को होने वाले दीपोत्सव पर 24 लाख दीए जलाकर जगमगाने की तैयारी की जा रही है। इन दीपों को प्रज्जवलित करने के लिए 25 हजार स्वयं सेवक लगाए जायेंगे। छठवीं बार गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए जाने की भी तैयारी की जा रही है।

डॉ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय प्रशासन इस बार के दीपोत्सव में विश्व कीर्तिमान स्थापित करने के लिए दीपोत्सव की तैयारियों में तेजी से जुटा है। हाल ही में विश्वविद्यालय के कौटिल्य प्रशासनिक भवन के सभागार में कुलपति प्रो प्रतिभा गोयल की अध्यक्षता में अयोध्या जिले के महाविद्यालयों और इण्टर कालेजो के प्राचार्यो के साथ दीपोत्सव को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।

कुलपति ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशानुरूप 11 नवम्बर को होने वाले दीपोत्सव को भव्य बनाने के साथ विश्व कीर्तिमान स्थापित करना है। जिसके लिए 24 लाख से अधिक दीए प्रज्ज्वलित किए जायेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन महाविद्यालयों, इण्टर कालेजों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के स्वयंसेवकों की मदद से राम की पैड़ी सहित 47 घाटों पर 24 लाख से अधिक दीप जलाए जायेंगे। इन घाटों पर दीए प्रज्ज्वलित करने के लिए 25 हजार स्वयंसेवक लगाये जायेंगे।

कुलपति प्रो गोयल ने महाविद्यालयों, इण्टर कालेजो के प्राचार्यों को बताया कि छठवी बार गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में नाम दर्ज कराएंगे। कुलपति ने बताया कि 30 सितम्बर तक सभी स्वयंसेवकों का नाम आनलाइन डेटा उपलब्ध कराना आवश्यक है। इसमें सभी के अनुशासन एवं पारदर्शिता के साथ सहयोग की अपेक्षा है।

विश्वविद्यालय दीपोत्सव के नोडल अधिकारी प्रो संत शरण मिश्र ने बताया कि इस बार के दीपोत्सव में स्वयंसेवकों का आईडी कार्ड फुलप्रूफ होगा। इसके लिए सभी संस्थाओं से आनलाइन डेटा मांगा गया है। प्राचार्य एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा आनलाइन सत्यापन के बाद ही आईडी कार्ड जारी किया जायेगा।

नोडल अधिकारी ने बताया कि इस बार के दीपोत्सव में अयोध्या जनपद के 16 इण्टर कालेजों को शामिल किया गया है। दीपोत्सव के लिए इनके शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षित किया जायेगा। विश्वविद्यालय को अभी तक 11844 स्वयंसेवकों की सूची प्राप्त हो गई है। 30 सितम्बर तक सभी स्वयंसेवकों की सूची आनलाइन प्राप्त हो जायेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा 21 समितियां बनाई गई हैं। इसके अलावा महाविद्यालय, इण्टर कालेजों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के शिक्षकों एवं सदस्यों को घाट समन्वयक का दायित्व दिया जायेगा।

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ राजेश कुमार आर्या, जीआईसी के प्राचार्य बसंत कुमार, साकेत डिग्री कॉलेज के प्रो अशोक कुमार मिश्र, डाॅ विजयेन्दु चतुर्वेदी, डाॅ त्रिलोकी यादव, प्रोग्रामर रवि प्रकाश मालवीय सहित अन्य लोग मौजूद थे।

बता दें कि पिछले वर्ष के दीपोत्सव में अयोध्या में 15 लाख से ज्यादा दीए जलाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया था। अब इस वर्ष यूपी सरकार अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ने की तैयारी में जुट गयी है।

Related Articles

Back to top button