मोदी सरकार की बड़ी कामयाबी, भारत ने रक्षा उत्पादों के निर्यात में तोड़े सारे रिकॉर्ड, जानिए कितने करोड़ों का हुआ निर्यात

भारत ने 85 से अधिक देशों को 16 हज़ार करोड़ रूपए से अधिक के रक्षा उत्पादों का निर्यात कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। सरकार के सुधारों और नीतिगत पहलों के कारण पिछले छह वर्ष में देश के रक्षा निर्यात में दस गुने से अधिक की वृद्धि हुई है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक ट्वीट में इस उपलब्धि को भारत की प्रतिभा और मेक इन इंडिया के प्रति उत्साह की स्पष्ट अभिव्यक्ति बताया है। उन्होंने कहा कि रक्षा उत्पाद के क्षेत्र में पिछले कुछ वर्ष में हुए सुधार के सकारात्मक परिणाम आने लगे हैं और सरकार देश को रक्षा उत्पादन का एक प्रमुख केंद्र बनाने से जुड़े प्रयासों को समर्थन देना जारी रखेगी।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी एक ट्वीट में इसे एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रेरक नेतृत्व में रक्षा निर्यात में वृद्धि जारी रहेगी। रक्षामंत्री ने कहा कि भारतीय रक्षा उद्योग ने उत्पादों की डिजाइन और विकास मामले में अपनी क्षमता सिद्ध कर दी है और फिलहाल एक सौ प्रतिष्ठान रक्षा उत्पादों का निर्यात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष आयोजित एयरो इंडिया में सौ से अधिक देशों की भागीदारी से भी पता चलता है कि भारत की रक्षा उत्पाद निर्माण क्षमता बढ़ रही है।

सरकार ने रक्षा उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए कई नीतिगत पहलें की हैं और पिछले पांच-छह वर्षों में कई सुधार किये हैं। निर्यात की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है और कारोबारी सुगमता के लिए कई औपचारिकताओं को समाप्त कर दिया गया है।

सरकार ने कल-पुर्जों के निर्यात, प्रौद्योगिकी और मुख्य प्लेटफार्मों के हस्तांतरण को आसान बनाने के लिए तीन मुक्त सामान्य निर्यात लाइसेंस जारी किए हैं। आठ वर्ष पूर्व तक भारत की छवि रक्षा उत्पादों के आयातक देश की थी लेकिन अब भारत अपने रक्षा उत्पादों का निर्यात कर रहा है। इनमें ब्रह्मोस और आकाश मिसाइल, राडार, पिनाका रॉकेट और लांचर, हल्का लड़ाकू विमान तेजस, हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर और विमान वाहक भी शामिल हैं।

 

Related Articles

Back to top button