‘अब की बार 400 के पार’ चुनाव से पहले ही पीएम मोदी ने संसद में कर दिया ऐलान, बताया BJP को अकेले और NDA के साथ कितनी सीटें मिलेंगी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि देश की जनता आगामी आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को आपार जनादेश देगी। उन्‍होंने यह भी कहा कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 400 से अधिक सीटें हासिल करेगा और इसमें से केवल भाजपा को 370 सीटें मिलेंगी। उन्‍होंने जोर देकर कहा कि सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में कई बहुत बड़े निर्णय लेगी।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार के तीसरे कार्यकाल में भारत विश्‍व में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

प्रधानमंत्री ने सोमवार को लोकसभा में राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संसद के दोनों सदनों के समक्ष दिये गये अभिभाषण पर धन्‍यवाद प्रस्‍ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए यह बातें कहीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों के सशक्तिकरण से विकसित भारत के लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का संबोधन लोकतंत्र के इन चार स्तंभों पर केंद्रित था और इन स्तंभों को मजबूत करने से ही देश का विकास सुनिश्चित होगा। उन्‍होंने कहा कि विश्‍व अब भारत के आर्थिक विकास की गति और इसके स्तर की सराहना कर रहा है।

सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए पीएम  मोदी ने कहा कि मुद्रास्फीति पर काबू पाने, आर्थिक विकास को बढ़ावा देने, बुनियादी ढांचे के निर्माण पर रिकॉर्ड पूंजीगत व्यय और रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए कई साहसिक पहल की गईं।

नरेन्द्र मोदी ने ‘नारी शक्ति’ की सराहना करते हुए इस बात पर जोर दिया कि महिला सशक्तिकरण आज अंतरिक्ष से लेकर ओलंपिक और सशस्त्र बल से लेकर संसद तक हर जगह देखा जा सकता है।

देश की उन्नति और क्षमता पर प्रकाश डालते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत को अब दुनिया की डिजिटल अर्थव्यवस्था माना जाता है। मेड इन इंडिया कार्यक्रम से देश में रिकॉर्ड विनिर्माण और निर्यात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में करोड़ों रोजगार के अवसर पैदा करने की क्षमता है।

प्रधानमंत्री ने पिछले दस वर्षों में देश द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों को अनदेखी करने के लिए विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए कहा कि राजनीतिक दलों में परिवार-वाद देश के लिए चिंता का कारण और लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की वर्तमान स्थिति के लिए कांग्रेस जिम्‍मेदार है। उन्होंने कांग्रेस पर मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल रहने का आरोप लगाया और कहा कि उसने अन्य दलों को पनपने नहीं दिया।

श्री मोदी ने दोहराया कि देश को एक मजबूत विपक्ष की जरूरत है क्योंकि कांग्रेस की परिवारवाद की राजनीति का खामियाजा देश को भुगतना पड़ा है। उन्होंने भ्रष्टाचार के लिए पिछली यूपीए सरकार की आलोचना की।

Related Articles

Back to top button