सूर्यदेव की तपिश बढ़ा रही तापमापी का पारा

जयपुर । राजस्थान में फरवरी महीने में ही मई-जून जैसी गर्मी आम आदमी को परेशान करने लगी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिनों में तापमान में और ज्यादा बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि 22 फरवरी बाद उत्तरी हवाओं के असर के चलते तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है।

जयपुर समेत प्रदेशभर में मौसम ने पूरी तरह से करवट बदल ली है। गर्मी की दस्तक हो चुकी है। सूर्यदेव की तपिश अब लोगों को परेशान करने लगी है। राजधानी जयपुर हो या जैसलमेर और बाड़मेर, ज्यादातर इलाकों में दिन के समय पारा चढ़ता ही जा रहा है। हालांकि, रात में जरूर तापमान में कुछ गिरावट हो रही है। इसकी वजह से लोगों को अभी रात में सोते समय कंबल और चादर का इस्तेमाल करना पड़ रहा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक जल्द ही पूरी तरह से गर्मी का प्रभाव दिखने लगेगा।

मौसम केंद्र जयपुर से जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी और जालोर का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। वहीं प्रदेश के 21 जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज हुआ है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद डूंगरपुर में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। वहीं माउंट आबू और भीलवाड़ा को छोड़ प्रदेश के सभी जिलों का न्यूनतम तापमान डबल डिजिट में पहुंच गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर भारत में लगातार सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तरी हवाएं तरह से रुक गई है। जिसकी वजह से राजस्थान में लगातार तापमान में इजाफा हो रहा है। जो अगले 48 घंटों तक जारी रहेगा। जिससे प्रदेश के तापमान में दो से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में इस बार फरवरी महीने में ही प्रदेश के कुछ शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, कई शहरों में रात का तापमान 21 या 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में होली तक राजस्थान में मई-जून जैसी गर्मी आम आदमी को परेशान कर सकती है।

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, उत्तरी अरब सागर क्षेत्र के ऊपर एक प्रतिचक्रवाती तंत्र विकसित होने से तापमान में बढ़ोतरी हुई है। राज्य के कई शहरों में पारा ऊपर चढ़ गया है। जैसलमेर और बाड़मेर में तापमान 38 डिग्री के पार जा चुका है। ये औसत से 9 डिग्री अधिक है। अधिकांश स्थानों पर भी अधिकतम तापमान औसत से 5-8 डिग्री ज्यादा मापा जा रहा है। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा। दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। प्रति चक्रवाती तंत्र का असर अभी भी अगले तीन-चार दिनों तक बना रहेगा। वहीं 21-22 फरवरी से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का असर तापमान में दिखेगा। इसमें 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने के आसार हैं।

Related Articles

Back to top button