भक्ति और शक्ति के मिलन से टूट जाती है गुलामी की दासता, गोविंद देव गिरी जी महाराज की 75 वीं जयंती पर आयोजित श्री गीता भक्ति अमृत महोत्सव में बोले सीएम योगी

कपिल देव सिंह। महाराष्ट्र ,भक्ति और शक्ति की भूमि रही है। यहीं गुरु समर्थ रामदास ने वीर छत्रपति शिवाजी का मार्गदर्शन किया था। जब-जब भक्ति और शक्ति का अद्भुत मिलन होता है, गुलामी की दासता से मुक्ति मिलती है। 500 वर्षों की गुलामी की दासता से मुक्त होकर आज अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है। संतों के सानिध्य और प्रधानमंत्री मोदी के पुरुषार्थ से 22 जनवरी की ऐतिहासिक तिथि के हम सब साक्षी बने हैं। नव्य और भव्य राम नगरी अयोध्या आप सभी को आमंत्रित कर रही है।

यह विचार गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री महंत योगी आदित्यनाथ ने व्यक्त किए। सीएम योगी रविवार को महाराष्ट्र के पुणे स्थित आलंदी में आयोजित श्री गीता भक्ति अमृत महोत्सव में बोल रहे थे।

साधु-संतों ने किया योगी आदित्यनाथ का स्वागत

इससे पहले योगी आदित्यनाथ का यहां पधारे साधु-संतों ने जोरदार स्वागत किया और उन्हें श्री राम मंदिर निर्माण का नायक बताते हुए उनका अभिनंदन किया। योगी आदित्यनाथ ने स्वामी गोविंद देव गिरि को अंगवस्त्र और गणेश जी की प्रतिमा भेंटकर उनका सम्मान किया।

मुख्यमंत्री योगी ने स्वामी गोविंद देव गिरी के जीवन पर आधारित स्मारिका का विमोचन भी किया। कांची कामकोटि पीठ के शंकराचार्य विजयेन्द्र सरस्वती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अंगवस्त्र पहनाकर और प्रसाद दे कर उनका विशेष रूप से सम्मान किया।

यह अवसर गोविंद देव गिरि के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का है : योगी

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज की 75 वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।

सीएम योगी ने कहा कि विगत 75 साल से वैदिक सनातन धर्म के लिए अपने पुरुषार्थ, अपनी साधना और अपने परिश्रम से पूज्य स्वामी गोविंद देव गिरी महाराज ने जो कार्य किया, जो आशीर्वाद सनातन हिन्दू धर्मावलम्बियों को दिया है, यह अवसर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का है। पूज्य ज्ञानेश्वर जी महाराज से यही प्रार्थना है कि स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज का सानिध्य हिन्दू समाज को लंबे समय तक मिलता रहे।

बचपन में पढ़ी थी ज्ञानेश्वरी तभी से इच्छा थी आलंदी आने की : योगी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लंबे समय से उनके मन में आलंदी आने की इच्छा थी। इस अवसर पर यहां आने का सौभाग्य हुआ है। योगी ने बताया कि बचपन में उन्होंने ज्ञानेश्वरी पढ़ी थी। मात्र 15 साल की आयु में ज्ञानेश्वरी का उपदेश देकर भक्तों को नई राह दिखाने का कार्य पूज्य ज्ञानेश्वर जी महाराज ने किया। मात्र 21 साल में सजीव समाधि लेकर भारत के आध्यात्म को पूरे भूमंडल पर लहराने का कार्य पूज्य ज्ञानेश्वर जी महाराज ने किया था।

उत्साह और शौर्य की धरती है महाराष्ट्र : योगी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाराष्ट्र वाले बहुत ही सौभाग्यशाली हैं। यहां की भक्ति से उपजी शक्ति दुश्मनों के दांत खट्टे करती रही है। समर्थ गुरू रामदास जी ने छत्रपति शिवाजी को यहीं से मार्गदर्शन प्रदान किया था। उस कालखंड में औरंगजेब की सत्ता को चुनौती देते हुए उसे तड़पने और मरने के लिए ऐसा छोड़ा कि आज तक उसे कोई पूछ नहीं रहा। यह उत्साह और शौर्य की धरती है, क्योंकि यह पूज्य संतों की भूमि है। यहां के भक्तों ने पूज्य संतों के सम्मान को ऊंचाई तक पहुंचाया है। इसी का परिणाम है कि शक्ति भी उनके साथ-साथ चलती है।

छत्रपति शिवाजी के नाम से बन रहा यूपी का डिफेंस कॉरीडोर : सीएम योगी

योगी आदित्यनाथ ने इस बात का भी उल्लेख किया कि जब वे यूपी के मुख्यमंत्री बने तो आगरा में बन रहे मुगल म्यूजियम का नाम बदलकर छत्रपति शिवाजी म्यूजियम रखा गया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश का डिफेंस कॉरिडोर भी वीर छत्रपति शिवाजी के नाम से ही बन रहा है।

श्री योगी ने गोविंद देव गिरी जी महाराज के बारे में कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन सनातन धर्म के लिए समर्पित कर दिया है। पूरी दुनिया में वैदिक पाठशालाओं को स्थापित करके तथा श्रीमद्भागवत् गीता को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वेदपाठियों की एक लंबी शृंखला देश को देने का कार्य किया है। अब यह देश वेदों से मार्गदर्शन प्राप्त कर रहा है।

योगी आदित्यनाथ ने आयोजन के प्रति अपना आभार प्रकट करते हुए ये कामना भी की कि गोविंद देव गिरि जी का मार्गदर्शन लंबे समय तक हिन्दू समाज को प्राप्त होता रहे, जिससे कि सनातन धर्म की पताका लंबे समय तक फहरती रहे। सीएम योगी ने समारोह में आए सभी संतजनों और नागरिकों को अयोध्या धाम आने का निमंत्रण भी दिया।

इस अवसर पर स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद, स्वामी चिदानंद सरस्वती, स्वामी राजेन्द्रदास, प्रख्यात कथा व्यास स्वामी रमेश ओझा, साध्वी भगवति देवी, यूपी के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रकांत पाटिल, दिलीप वलसे पाटिल सहित हजारों की संख्या में साधु, संत और भक्तजन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button