Nitin Gadkari: नितिन गडकरी मंच से भाषण देते हुए बेहोश हो गिर पड़े, स्वस्थ होते ही वरुड की अगली चुनावी सभा में पहुंचे

  • प्रदीप सरदाना

 वरिष्ठ पत्रकार

केन्द्रीय मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता नितिन गडकरी आज शाम करीब 4.30 बजे मंच से भाषण देते हुए, अचानक बेहोश होकर नीचे गिर पड़े। तभी मंच पर मौजूद उनके सुरक्षा कर्मी और अन्य लोगों ने उन्हें उठाया और तुरंत इलाज के लिए ले गए।

श्री गडकरी महाराष्ट्र के यवतमाल के पुसद में शिवाजी ग्राउंड एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। जहां वह एनडीए की प्रत्याशी राजश्री पाटिल के समर्थन में भाषण देने के लिए आए थे। लेकिन भाषण देते हुए वह बेसुध होकर मंच पर गिर पड़े तो सभा में हड़कंप मंच गया।

महाराष्ट्र के विदर्भ में आज तापमान 43 डिग्री तक पहुँच गया था। गडकरी को आज तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम था। एक सभा वह पहले संबोधित करने के बाद पुसद पहुंचे तो उन्हें कुछ चक्कर महसूस किए। यह देख उन्होंने कुछ पल विश्राम किया। लेकिन जब मंच पर पहुँच उन्होंने बोलना शुरू किया ही था कि उन्हें ज़ोर से चक्कर आया और वह गिर गए।

2018 में भी ऐसे ही बिगड़ी थी तबीयत

बता दें नितिन गडकरी करीब 6 साल पहले भी 2018 में महाराष्ट्र के अहमदनगर में भी एक कार्यक्रम के दौरान भाषण देते हुए अचानक मंच पर गिर पड़े थे। तब उनका शुगर लेबल एक डैम कम हो गया था।

ठीक होते ही फिर प्रचार के लिए निकले

नितिन गडकरी को शुगर की समस्या के कारण ऐसी समस्या कभी कभार आती रही है। लेकिन वह योग आदि से अपने स्वास्थ्य को ठीक कर लेते हैं। आज मंच पर गिरने के बाद भी जल्द ही उन्होंने स्वयं को सामान्य कर लिया। बड़ी बात यह है कि इस समस्या के बाद भी उन्होंने आराम करने की जगह फिर से चुनाव प्रचार में हिस्सा लेने का कार्यक्रम बना लिया है। नितिन गडकरी के सहयोगियों द्वारा उनके कुशल होने की सूचना दी गयी है।

उधर स्वयं गडकरी ने शाम 4.53 पर ही ट्वीट करते हुए लिखा-‘’पुसद महाराष्ट्र रैली के दौरान गर्मी की वजह से असहज महसूस किया। लेकिन अब पूरी तरह से स्वस्थ हूँ। और अगली सभा में सम्मिलित होने के लिए वरुड के लिए निकल रहा हूँ। आपके स्नेह और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।‘’

नागपुर से लड़ रहे हैं तीसरी बार चुनाव

केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी स्वयं भी इस बार नागपुर लोकसभा सीट से तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी सीट पर पहले चरण में 19 अप्रैल को ही मतदान सम्पन्न हो चुका है। उसके बाद से ही गडकरी भाजपा-एनडीए के कई प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं।

नागपुर के सीट कभी कांग्रेस का गढ़ हुआ करती थी। लेकिन 2014 से नितिन ने यहाँ से चुनाव लड अब इसे भाजपा का गढ़ बना दिया है। इस बार यहाँ गडकरी का कांग्रेस के विकास ठाकरे से मुक़ाबला है। लेकिन चुनाव के बाद गडकरी ने पूरे आत्मविश्वाश के साथ कहा –‘मैं इस बार पाँच लाख मतों से जीत रहा हूँ।‘’

यह भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान क्या लू बनेगी बड़ी चिंता? जानिए कैसा रहेगा मौसम का हाल

Related Articles

Back to top button