एमपी के सीएम डॉ.मोहन यादव ने मंत्रिमंडल के साथ किए रामलला के दर्शन, बोले सम्राट विक्रमादित्य ने भी कभी कराया था राम जन्म भूमि का पुनरुद्धार

अयोध्या, कपिल देव सिंह। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव अपने मंत्रिमंडल के साथ सोमवार को रामलला के दर्शन करने के साथ वहां पूजा अर्चना भी की। मोहन यादव के नेतृत्व में एम पी राज्य सरकार का 63 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल विशेष विमान से 4 मार्च सुबह ही अयोध्या पहुंचा।

यूपी के कृषि मंत्री व अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही और भाजपा के अयोध्या सांसद लल्लू सिंह ने डॉ मोहन यादव और उनके कैबिनेट मंत्रियों, अधिकारियों को फूल माला और अंगवस्त्रम से स्वागत किया। साथ ही सांस्कृतिक मंच के कलाकारों ने उनके सम्मुख लोकनृत्य प्रस्तुत कर उनका अभिनंदन किया।

डॉ.मोहन यादव ने कहा कि “हमारा सौभाग्य है कि हमने आज भगवान श्रीरामलला के दर्शन किये। मध्य प्रदेश और अयोध्या का सम्बंध 2000 साल पुराना है। जब मध्य प्रदेश से सम्राट विक्रमादित्य ने अयोध्या आकर भगवान श्रीरामजन्मभूमि का पुनरुद्धार करवाया था। आज 500 वर्षो बाद फिर से एक शुभ अवसर आया है, जब भगवान श्रीरामलला की भव्य मूर्ति की 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा हुई। यह ऐतिहासिक तारीख अब भारत के इतिहास में दर्ज हो गई है। अब राम नगरी अयोध्या अलौकिक नगर के रूप में स्थापित हो गयी है।

सीएम यादव ने यह भी कहा कि हम यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उत्तर प्रदेश सरकार से अनुरोध करेंगे कि यहां अयोध्या धाम में मध्य प्रदेश वासियों के लिए एक स्टेट भवन बने। इससे मध्य प्रदेश के दर्शनार्थियों को बहुत सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि सप्तपुरियों में वर्णित अयोध्या मोक्षदायिनी नगरी है।यहां आकर हम सभी को अलौकिक अनुभूति हो रही है।

Related Articles

Back to top button