Mann Ki Baat@100: मन की बात से जगमग हो गया इंडिया, लाल किला, गेट वे ऑफ इंडिया और कोणार्क मंदिर से लेकर, गोलकुंडा किला और रंग घर सहित रोशन हुए 13 स्मारक

संस्कृति मंत्रालय ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम, ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी संपन्‍न होने का उत्‍सव मनाने के लिए संपूर्ण भारत में 13 विशिष्ट स्‍थलों पर प्रोजेक्‍शन मैपिंग शो की एक श्रृंखला का आयोजन किया।

इस शो में आम भारतीयों की प्रेरणादायक कहानियां, सांस्कृतिक विरासत और देश की प्रगति की कथा दर्शायी गयी है। 20-25 मिनट तक चलने वाला यह विशेष प्रसारण राष्ट्र-निर्माण की थीम पर आधारित और जन केन्द्रित रहा। प्रत्येक स्थल पर उस क्षेत्र की विरासत और ऐतिहासिक मूल्यों का चित्रण किया गया।

13 स्थलों में, नई दिल्ली में लाल किला और प्रधानमंत्री संग्रहालय, ओडिशा में कोणार्क सूर्य मंदिर, हैदराबाद में गोलकुंडा किला, तमिलनाडु में वेल्लोर का किला, मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया, झारखंड में नवरतनगढ़ किला, जम्मू और कश्मीर के उधमपुर में रामनगर किला, असम में रंग घर, लखनऊ में रेजीडेंसी भवन, गुजरात के मोढेरा में सूर्य मंदिर और राजस्थान में चित्तौड़गढ़ किला शामिल हैं।

प्रोजेक्शन मैपिंग शो नि:शुल्क हैं, इन स्‍थलों पर शाम के समय लोगों को स्‍मरणीय अनुभव प्रदान करने के लिए विभिन्न गतिविधियों और प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया। दर्शक, मन की बात की पूर्व कडियों को भी देख सकते हैं और अपने विचार, संदेश दीवार पर साझा कर सकते हैं। दर्शक विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए फोटो बूथ पर तस्वीरें भी ले सकते हैं। यह आयोजन भारत की विविधता, संस्कृति और प्रगति का वास्‍तविक उत्सव था।

‘मन की बात’ की आज सुबह 11 बजे प्रसारित 100 वीं कड़ी को ,देश दुनिया में करोड़ों लोगों ने एक उत्सव के रूप में सुना।

 

Related Articles

Back to top button