भारत सरकार का ऑपरेशन कावेरी हुआ कामयाब, सूडान से निकाले गए 1100 भारतीय नागरिक

ऑपरेशन कावेरी के अंतर्गत संघर्ष प्रभावित सूडान से लगभग 11 सौ भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया है। विदेश मंत्रालय ने बताया है कि बुधवार 26 अप्रैल को 128 भारतीय नागरिकों के छठे जत्थे ने सूडान छोड़ा। इसके साथ सूडान छोड़ने वाले भारतीय नागरिकों की कुल संख्या लगभग 11 सौ हो गई है।

भारतीय नागरिकों को भारतीय नौसैनिक जहाज और भारतीय वायुसेना के विमान के जरिये संघर्ष प्रभावित इस अफ्रीकी देश से निकाला गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरंदिम बागची ने कहा कि वायु सेना के विमान सी-130जे के जरिये सूडान बंदरगाह से बुधवार रात 128 यात्री जेद्दा के लिए रवाना हुए।

इससे पहले शाम को लगभग 500 भारतीय नागरिक जेद्दा के लिए सूडान बंदरगाह से दो अलग-अलग जत्थों में रवाना हुए। भारतीय वायुसेना के विमान सी-130जे से सूडान बंदरगाह से 136 भारतीय नागरिकों का अन्य जत्था जेद्दा पहुंचा।

आईएनएस तेग के जरिये सूडान बंदरगाह से 297 यात्री भी रवाना हुए। केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने जेद्दा हवाई अड्डे पर सूडान से निकाले गये भारतीय नागरिकों का स्वागत किया। बुधवार ऑपरेशन कावेरी के अंतर्गत सूडान से निकाले गये 360 भारतीय नागरिक पहली उड़ान से नई दिल्ली पहुंचे। सूडान में सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच संघर्ष जारी है।

Related Articles

Back to top button