नहीं रहीं प्रख्यात कथाकार, कवयित्री उषा किरण खान, साहित्य अकादेमी ने भी जताया शोक

नई दिल्ली। साहित्य अकादेमी ने हिंदी और मैथिली की प्रख्यात कथाकार कवयित्री, नाटककार और लेखिका उषा किरण खान के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

साहित्य अकादेमी के सचिव के. श्रीनिवासराव द्वारा जारी शोक संदेश में कहा गया है कि प्राचीन और आधुनिक कालखंड के जनजीवन और संस्कृति के उत्थान-पतन की गाथा को ऐतिहासिक दृष्टि से प्रस्तुत करने वाली उषा किरण खान के व्यक्तित्व पर अपने स्वतंत्रता सेनानी गाँधीवादी पिता के संस्कारों का गहरा प्रभाव पड़ा। उन्हें हजारी प्रसाद द्विवेदी और नागार्जुन जैसे साहित्यकारों का स्नेह और सान्निध्य प्राप्त हुआ। उषा किरण खान ने संस्कृत, पालि, अंग्रेजी, मैथिली एवं हिंदी के प्राचीन साहित्य का गहन अध्ययन किया था। वह बी.डी. कॉलेज पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के प्राचीन भारतीय इतिहास और पुरातत्त्व विभाग की अध्यक्ष रहीं।

कई विधाओं में बहुआयामी लेखन करने वाली उषा किरण खान के हिंदी-मैथिली में 17 से अधिक उपन्यास सात कहानी संकलन, नौ काव्य-संग्रह, बाल साहित्य की पांच पुस्तकें, कथेतर साहित्य की तीन पुस्तकें और चार मैथिली नाटक भी चर्चित रहे हैं।

महिलाओं की समानता की गहरी पक्षधर रहीं उषा किरण खान का यही सबल स्वत्व बोध उनके रचनात्मक व्यक्तित्व को विशेषता प्रदान करता है। पद्मश्री अलंकरण के अलावा उषा किरण खान बिहार राष्ट्रभाषा परिषद का हिंदी सेवी पुरस्कार, बिहार राजभाषा का महादेवी वर्मा पुरस्कार, कुसुमांजलि पुरस्कार, भारत भारती पुरस्कार तथा मैथिली भाषा में साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उषा किरण खान का समृद्ध कृतित्व भारतीय साहित्य की पूँजी है।

Related Articles

Back to top button