Election Results 2023: 4 राज्यों में से 3 में मिली भाजपा को मिली बड़ी जीत, तेलंगाना में जीती कॉंग्रेस

राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में विधानसभा चुनावों की मतगणना संपन्न हो गई है। 4 राज्यों में से 3 में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिली है तो वहीं तेलंगाना में भी भाजपा ने पहले से काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। पीएम मोदी का काम सभी राज्यों में लोगों के सिर चढ़कर बोला है।

अब भाजपा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने जा रही है, जबकि कांग्रेस तेलंगाना में सरकार बनाएगी।

राजस्थान में विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। कुल 199 सीटों में से बीजेपी ने 115 सीटें, कांग्रेस ने 69 सीटें, भारत आदिवासी पार्टी ने तीन और बहुजन समाज पार्टी ने दो सीटें और राष्ट्रीय लोक दल और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने एक-एक सीट जीती। आठ निर्दलीय उम्मीदवार भी विजयी रहे।

भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने झालरापाटन में जीत दर्ज की। चुनाव लड़ने वाले सात बीजेपी सांसदों में से चार सांसद राज्यवर्धन राठौड़, दीया कुमारी, महंत बालकनाथ और किरोड़ी लाल मीणा जीत गए हैं, जबकि देवजी पटेल, नरेंद्र कुमार और भागीरथ चौधरी हार गए हैं।

भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि राजस्थान में भाजपा की ये जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी की जीत है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी ने भाजपा को स्पष्ट बहुमत देने के लिए राज्य की जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही इस जीत का आधार बना है।

सरदारपुरा सीट पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जीते हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पार्टी नेता सचिन पायलट और शांति धारीवाल ने भी अपनी अपनी सीटें जीत ली हैं।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अशोक गहलोत ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल कलराज मिश्र को अपना इस्तीफा सौंप दिया। निवर्तमान मुख्यमंत्री ने कहा कि वे विनम्रतापूर्वक जनता के फैसले को स्वीकार करते हैं और नई सरकार को बधाई देते हैं।

मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा ने 163 सीटें जीतकर राज्य विधानसभा में स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। कांग्रेस ने 66 सीटों पर जीत हासिल की है। एक सीट अन्‍य के खाते में गई है।

पिछले दो दशकों में मध्य प्रदेश में भाजपा की यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले 2003 में जब भाजपा पहली बार सत्ता में आई थी तो उसे 42 दशमलव 5 प्रतिशत वोट मिले थे। 2008 में पार्टी को 37 दशमलव 6 प्रतिशत और 2013 में 44 दशमलव 9 प्रतिशत वोट मिले थे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधनी विधानसभा सीट से रिकॉर्ड एक लाख 5 हजार से ज्यादा वोटों से चुनाव जीते हैं। सीएम चौहान ने इस बंपर जीत के लिए प्रधानमंत्री मोदी और लाड़ली बहना का आभार जताया है।

छत्तीसगढ़ में भाजपा पांच साल बाद फिर से सत्ता में आ रही है। पार्टी ने 54 सीटों पर जीत हासिल की है। सत्तारूढ़ कांग्रेस को 35 सीटें मिली हैं। भूपेश बघेल सरकार के नौ मंत्री चुनाव हार गए, जबकि केवल तीन मौजूदा मंत्री ही जीतने में सफल रहे।

भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, वरिष्ठ नेता अमर अग्रवाल, लता उसेंडी, ओपी चौधरी, लखनलाल देवांगन और नीलकंठ टेकाम ने अपनी-अपनी सीटें जीत ली हैं।  रायपुर पहुंचे पार्टी प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के वादों पर भरोसा जताने के लिए राज्य के मतदाताओं को धन्यवाद दिया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने भी कहा कि पार्टी चुनावी वादे पूरे करेगी।

निवर्तमान मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल पाटन सीट से 19 हजार से अधिक वोटों से चुने गए, लेकिन उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव अंबिकापुर से महज 158 वोटों से अपनी सीट हार गए। निवर्तमान मुख्यमंत्री बघेल ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात करके उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया।

तेलंगाना में कांग्रेस ने 119 में से 64 सीटों पर जीत हासिल की है। जीत की हैट्रिक की उम्मीद कर रही सत्तारूढ़ बीआरएस को केवल 39 सीटें मिली हैं। भाजपा आठ सीटों के साथ तीसरे स्थान पर रही। एआईएमआईएम ने 7 सीटें जीती हैं। सीपीआई को भी एक सीट मिली है।

कामारेड्डी सीट पर भाजपा के वेंकटरमण रेड्डी ने जीत हासिल की। भाजपा नेता इटेला राजेंदर हुजूराबाद और गजवेल दोनों सीटों पर हार गए।

मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव गजवेल से जीत गए लेकिन कामारेड्डी सीट पर हार गए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी कोडांगल से जीत गए लेकिन कामारेड्डी सीट पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

राज्यपाल डॉ तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और नई सरकार बनने तक उन्हें पद पर बने रहने को कहा है।

Related Articles

Back to top button