Delhi Weather: दिल्ली में मौसम की सबसे ठंडी सुबह हुई दर्ज, तापमान में आई गिरावट से छाया घना कोहरा
दिल्ली में शुक्रवार इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह रही। तापमान में सामान्य से 2 डिग्री की गिरावट आई और यह 3.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता (विजिबिलिटी) बहुत कम होने की वजह से रेल तथा हवाई यातायात पर असर पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार इंदिरा गाँधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता शून्य रही। वहीं, रेलवे ने बताया कि उत्तर भारत से दिल्ली आने वाली करीब 23 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले रेलगाड़ियों के समय के बारे में जानकारी ले लें।
दिल्ली हवाई अड्डे ने भी विमान-यात्रा के बारे में संबंधित एयरलाइंस से जानकारी प्राप्त करने का परामर्श जारी किया है।