Char Dham Yatra 2024: चार धाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह, 12 लाख से अधिक यात्रियों ने कराया पंजीकरण, जानिए कब कब खुल रहे हैं कपाट और कैसी हैं उत्तराखंड सरकार की तैयारी

स्तुति सरदाना। बहुप्रतीक्षित चारधाम यात्रा 10 मई से आरंभ होने जा रही है। जिसको लेकर उत्तराखंड सरकार की तैयारियां चरम पर हैं। प्रदेश सरकार द्वारा व्यवस्थित व सुनियोजित पंजीकरण प्रक्रिया के अंतर्गत पहले कुछ दिनों में ही 12 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। यह आंकड़ा समय के साथ और तेजी से बढ़ेगा, ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है।

चारधाम यात्रा व हेमकुंड साहिब के लिए 16 अप्रैल से अब तक 12 लाख से अधिक, कुल 124813 पंजीकरण हुए हैं। जिसमें यमुनोत्री के लिए 219619, गंगोत्री के लिए 231983, केदारनाथ के लिए 422129, बद्रीनाथ के लिए 356716 और हेमकुंड साहिब के लिए 17684 पंजीकरण हुए हैं। इसमें सबसे अधिक पंजीकरण केदारनाथ के लिए हुआ है जिसके श्रद्धालुओं की संख्या लगभग सवा चार लाख है।

अपनी ‘सुगम और सुरक्षित चारधाम यात्रा’ की नीति के तहत सरकार पूरी तरह प्रयासरत है, जिसके कारण पिछले दो वर्ष में चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में तो रिकॉर्ड वृद्धि हुई ही है। साथ ही राज्य के अन्य पर्यटन स्थलों पर भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच, अपना उत्साह दिखा रहे हैं।

2023 में 55 लाख यात्री पहुंचे थे चार धाम

पंजीकरण में श्रद्धालुओं के उत्साह को देख कर उम्मीद की जा रही है कि इस वर्ष की संख्या पिछले वर्ष के आँकड़े को पार कर लेगी। वर्ष 2023 में जहां चारधाम में लगभग 55 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, वहीं इस बार राज्य सरकार इससे अधिक संख्या के लिए पूरी तैयारी कर रही है। व्यवस्थित दर्शन और सुरक्षा से लेकर पर्यटकों की बाकी सभी आवश्यकताएं भी क्रमानुसार हों, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कब कब खुलेंगे कपाट

चार धाम दर्शन व्यवस्था के अनुसार, 10 मई को यमुनोत्री, गंगोत्री और बाबा केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। 12 मई को भगवान बद्रीनाथ धाम के कपाट भी ग्रीष्मकालीन दर्शन के लिए खुलेंगे। इसके अलावा 25 मई को हेमकुंड साहिब के कपाट भी खोले जाएंगे।

यह भी पढ़ें- Hanuman Jayanti 2024: आज है हनुमान जयंती का पावन पर्व, क्या है पूजा का मुहूरत समय और संकट मोचन के किस स्वरूप की पूजा से दूर होंगे संकट, जानिए

Related Articles

Back to top button