अयोध्या में राम पथ और जन्मभूमि पथ के बाद अब बनेगा लक्ष्मण पथ, चार लेन के 12 किमी लंबे मार्ग से राम नगरी को मिलेगी एक और भव्य सौगात

लखनऊ, कपिल देव सिंह। अयोध्या को भव्यता का नया शिखर देने में लगी योगी सरकार करोड़ों रुपए खर्च कर राम नगरी अयोध्या को सबसे सुंदर धार्मिक स्मार्ट सिटी बनाने में लगी हुई है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर राम लला के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से चल ही रहा है। जनवरी 2024 में भगवान रामलला अपने मंदिर में विराजमान भी हो जाएंगे।

इसी को ध्यान में रखते हुए अयोध्या की रोड और एयर कनेक्टिविटी को भी अपग्रेड किया जा रहा है। भगवान श्रीराम की नगरी में अलग अलग सड़क मार्गों/ पथों के जरिए फोर लेन की कनेक्टिविटी भी बढ़ाई जा रही है। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार अयोध्या को 200 करोड़ की लागत से बनने वाले 12 किलोमीटर लंबे  लक्ष्मण पथ नाम के नए फोर लेन रोड की सौगात देने जा रही है।

अयोध्या में इन दिनों राम पथ का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है, जो नयाघाट से सहादतगंज तक 13 किमी लंबा मार्ग है। इसके बाद जन्मभूमि पथ, भक्ति पथ, धर्मपथ के बाद अब लक्ष्मण पथ का निर्माण भी योगी सरकार कराने की तैयारी में जुट गई है। भगवान श्रीराम के छोटे भाई और शेषावतार लक्ष्मण जी के नाम पर बनने वाले इस नये वैकल्पिक फोर लेन मार्ग निर्माण की पूरी कार्ययोजना तैयार है। अयोध्या के जिलाधिकारी नीतीश कुमार के अनुसार  अब नया मार्ग  लक्ष्मण पथ गुप्तारघाट से राजघाट तक बनाया जाएगा। यह लक्ष्मण पथ फोरलेन होगा।

इस नए फोर लेन लक्ष्मण पथ के निर्माण के लिए नामित कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की निर्माण ईकाई द्वितीय के अधिशासी अभियंता एसपी भारती ने बताया कि लगभग 12 किलोमीटर लंबा यह लक्ष्मण पथ उदया हरिश्चंद्र घाट तटबंध के समानांतर प्रस्तावित है।

तटबंध की चौड़ाई पहले छह मीटर थी जिसे एक मीटर बढ़ाकर सात मीटर कर दिया गया है। इधर लक्ष्मण पथ की चौड़ाई 18 मीटर तय की गयी है। अधिशासी अभियंता के अनुसार लगभग 200 करोड़ की लागत से प्रस्तावित इस वैकल्पिक मार्ग का आगणन  उत्तर प्रदेश शासन को भेज दिया गया है और प्रस्ताव स्वीकृति की प्रतीक्षा है। शासन से स्वीकृति मिलते ही इस नई फोर लेन योजना लक्ष्मण पथ निर्माण का काम शुरु कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button