Lok Sabha Elections 2024: ‘LED के समय में लालटेन की राजनीति अब पुरानी हो गई है’, बिहार में बोले राजनाथ सिंह

केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने रविवार को बिहार के जमुई और बांका में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। इन कार्यक्रमों के दौरान मंच पर उप मुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, लोक जनशक्ति पार्टी(रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, लोकसभा प्रत्याशी अरुण भारती सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहें। राजनाथ सिंह ने भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए जनकल्याणकारी कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व में भारत के बढ़ते कद को रेखांकित किया। 

जमुई की जनसभा में स्वर्गीय रामविलास पासवान को याद करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि आज जब रामविलास पासवान मंच पर साथ नहीं हैं, तो उनकी कमी महसूस हो रही है। रामविलास पासवान जिस गर्मजोशी व अपनेपन के साथ मिलते थे, उसे शब्दों में वर्णन करना संभव नहीं है। श्री सिंह ने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की सराहना करते हुए कहा कि चिराग पासवान एनडीए पिच के ‘रन-हिटर’ हैं। एनडीए को जितने रनों की आवश्यकता होगी चिराग उतने रन बनाने की क्षमता रखते हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि संविधान के रचयिता बाबा भीम राव अंबेडकर की अपेक्षाओं को सिर्फ एनडीए सरकार ही पूरा कर सकती है। देश की जनता ने 2014 और 2019 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनाई, आज पूरा विश्व बोल रहा है कि तीसरी बार भी नरेन्द्र मोदी ही देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। विश्व के कई देशों ने अभी से अगले वर्ष उन्हें आमंत्रित करने के लिए प्रधानमंत्री का समय लेना शुरू कर दिया है।  

घोषणापत्र में किए वादे पूरे किए

राजनाथ सिंह ने कहा कि सामान्यतः जब चुनाव होते हैं तो अस्थिरता का माहौल बना रहता है कि सरकार बनेगी या नहीं बनेगी, लेकिन इस चुनाव में देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री चुनने का मन बना लिया है, चुनाव तो बस औपचारिकता है। एनडीए ने जनता से घोषणापत्र में जो वादे किए थे, वह सब सम्पूर्ण रूप से पूरे किए हैं। भाजपा ने धारा 370 को समाप्त करने के वादे को पूर्ण किया है, विपक्ष कहता था कि भाजपा चुनाव के समय राम मंदिर का मुद्दा उठाकर जनता की आंखों में धूल झोंक रही है। लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही राम लला अपनी कुटिया से निकलकर भव्य महल में प्रवेश कर चुके हैं, जो भारत में राम राज्य के आगमन का शुभ संकेत है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी धर्म, जाति, पंथ और मजहब के आधार पर कोई भेदभाव नहीं करती, भाजपा की सरकार ने तीन तलाक को समाप्त करके देश की महिलाओं को समान अधिकार देने का कार्य किया है। भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि देश को सशक्त और आगे बढ़ाने के लिए राजनीति करती है।

 

लालू, तेजस्वी के साथ कांग्रेस पर किया तीखा हमला 

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पर तंज कसते हुए कहा कि लालू यादव के परिवार का कहना है कि उनकी सरकार बनी तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जेल में डाल देंगे, ये बातें वो लोग कर रहे हैं जो खुद जेल में हैं, या तो बेल पर हैं। ऐसे लोगों को हिंदुस्तान की जनता आगामी लोकसभा चुनाव में पूरी तरह से नकार देगी। 

रक्षा मंत्री ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव नवरात्र में मांसाहारी भोजन शामिल करके तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं। राजद और कांग्रेस ने 10 लाख रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन एक भी नौकरी नहीं दे पाए। राजद और कांग्रेस खुद को पिछड़ों का हितैषी बताते हैं, लेकिन हकीकत में वे पिछड़ों के दुश्मन हैं। 

श्री सिंह ने कहा कि “मैं जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री था, तब कर्पूरी ठाकुर द्वारा की गयी आरक्षण की व्यवस्था को राज्य में लागू किया, लेकिन राजद और कांग्रेस के मन में उनके प्रति कोई सम्मान नहीं है।“ उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया। ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर राजद और कांग्रेस ने ध्यान नहीं दिया था। विपक्ष केवल अपने और अपने परिवार के लिए राजनीति करता है, जबकि एनडीए राष्ट्र निर्माण के लिए काम करता है। विपक्षी दलों ने काका कालेलकर और मंडल कमीशन की रिपोर्ट का विरोध किया, फिर भी अपने आप को पिछड़ों का मसीहा समझते हैं। राजद शासन काल में पेपर लीक से लेकर कई अन्य विषय सामने आये थे। श्रीं सिंह ने कहा कि बिहार की धरती ने राजकुमार सिद्धार्थ को महात्मा बुद्ध और मोहनदास करमचंद गांधी को महात्मा गांधी बनाया है। 

राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि राजद और कांग्रेस ने युवाओं को 10 लाख रोजगार देने का वादा किया था, जो पूरा नहीं  किया। अब ‘एलईडी’ के समय में, ‘लालटेन’ की राजनीति अब पुरानी हो गई है।

पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत को पूरी दुनिया गंभीरता से सुनती है 

केन्द्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि 10 वर्षों पूर्व जब भारत वैश्विक मंचों पर अपनी बात रखता था तो दुनिया गंभीरता से नहीं सुनती थी लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत जब वैश्विक मंचों पर बोलता है तो पूरी दुनिया गंभीरता से सुनती है। भारतीय नौसेना के सेवानिवृत्त सैनिकों को एक मामले में कतर की अदालत ने फांसी की सजा सुनाई थी, लेकिन पीएम नरेन्द्र मोदी ने कतर के राष्ट्रपति से बात की और सभी पूर्व सैनिकों को सुरक्षित भारत वापस लाया गया। यह भारत के बढ़ते कद को दर्शाता है।

भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की एक भी सीट ऐसी शेष नहीं बचनी चाहिए, जिस पर एनडीए का विजय पताका न फहरा रहा हो। उन्होंने बिहार की जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि जिन्हें अब तक पक्की छत नहीं मिली है या नल से जल नहीं मिला है, वो सब उन्हें मिल कर रहेगा। सरकार बनने के एक महीने के भीतर 70 वर्ष से अधिक उम्र वाले सभी लोगों को आयुष्मान भारत योजना के तहत नि:शुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। भारत अब कमजोर भारत नहीं रहा, भारत को यदि कोई आंख दिखाएगा, तो भारत के पास उसे आवश्यक उत्तर देने की क्षमता है। पाकिस्तान से आए आतंकियों ने भारत में घुसकर आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की गलती की थी, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने घर में घुसकर सर्जिकल और एयर स्ट्राइक करके पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है।  

रक्षा मंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि “जिंदगी में दोस्त बदल जाते हैं, लेकिन पड़ोसी नहीं।” हम सभी पड़ोसी देशों के साथ अच्छे रिश्ते बनाना चाहते हैं, लेकिन भारत अपने मान-सम्मान की रक्षा करने के मामले में मुंह तोड़ जवाब देने के लिए तैयार रहता है।

राजनाथ सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना करते हुए कहा कि उनके मुख्यमंत्री रहते हुए एक भी भ्रष्टाचार की घटना नहीं हुई। नीतीश कुमार की ईमानदारी का सम्मान किया जाना चाहिए। राजनाथ सिंह ने जनता से एनडीए के जमुई प्रत्याशी अरुण भारती और बांका लोकसभा प्रत्याशी गिरधारी यादव को जिताकर पुनः नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने की अपील की।

Related Articles

Back to top button