Telangana Elections 2023: तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी हुई पूरी, सुबह 7 बजे से शुरू होगा मतदान

तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार होने वाले मतदान की सभी तैयारियाँ पूरी हो गयी हैं। 119 विधानसभा सीटों के लिए मतदान गुरुवार सवेरे 7 बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। मंगलवार चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद अब सब की निगाहें निर्वाचन आयोग पर हैं।

तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विकास राज ने बताया कि राज्य में धारा 144 लागू कर दी गयी है जिसके अंतर्गत चार या इससे अधिक लोगों का इकट्ठा होना प्रतिबंधित है। ढाई लाख से अधिक कर्मचारियों को चुनाव ड्यूटी पर लगाया जायेगा। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए तेलंगाना विशेष पुलिस की 50 कंपनियाँ और केंद्रीय बलों की 375 कंपनियों को सुरक्षा प्रबंधों के लिए तैनात किया गया है।

इस बीच राज्य में तिकोने चुनावी संघर्ष की पूरी तैयारी है। मुख्य मुकाबला सत्तारूढ भारत राष्ट्र समिति, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच है। 2290 उम्मदीवार मैदान में हैं। प्रमुख प्रत्याशियों में मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव, भाजपा के तीन लोकसभा सदस्य और कांग्रेस के तीन लोकसभा सदस्य शामिल हैं।

मुखयमंत्री के चंद्रशेखर राव, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रेवंथ रेड्डी और भाजपा के वरिष्ठ नेता ई राजिन्द्र दो – दो सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं।

2018 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में भारत राष्ट्र समिति ने 47 दशमलव 4 प्रतिशत वोट लेकर 88 सीटें जीती थीं। कांग्रेस को 19 सीटें मिली थीं जबकि भाजपा को केवल एक सीट हासिल हुई।

राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और अन्य पार्टियों समेत 120 पार्टियों के कुल 2290 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 221 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर शामिल हैं। चुनाव आयोग ने राज्य में 35 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र बनाये हैं।

Related Articles

Back to top button