तंजानिया के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, किया पौधरोपण

भोपाल । भारत के सात दिवसीय दौरे पर आया तंजानिया का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल रविवार को मध्य प्रदेश के प्रवास पर भोपाल पहुंचा। यहां प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इसके बाद राजधानी भोपाल के स्मार्ट उद्यान में मुख्यमंत्री के साथ पौधरोपण भी किया। मुख्यमंत्री ने तंजानिया से आये अतिथियों को मध्यप्रदेश की विशेषताओं और उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी।

तंजानिया की सत्तारूढ़ चामा चा मापिंदुजी (सीसीएम) पार्टी का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भाजपा के निमंत्रण पर 25 से 31 जनवरी तक भारत के सात दिनों के दौरे पर है। यह प्रतिनिधिमंडल देश के राज्यों का दौरा भी कर रहा है। रविवार को सुबह प्रतिनिधिमंडल भोपाल पहुंचा और सबसे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से उनके बंगले पर मुलाकात की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने शिवराज चौहान से चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व तंजानिया की सत्तारुढ़ पार्टी सीसीएम के उपाध्यक्ष अव्दुलरहमान ओ. कीनाना कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल में सांसद अब्दुल्ला मिओनि, सीसीएम के उपाध्यक्ष के निज सचिव माशाफिरी वीवर्ट शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल के साथ भाजपा विदेश विभाग के राष्ट्रीय संयोजक विजय चौथाईवाल, प्रदेश संयोजक डॉ. दिव्या गुप्ता और सह संयोजक सुधांशु गुप्ता भी भोपाल पहुंचे हैं।

मुख्यमंत्री चौहान ने रविवार को ट्वीट करते हुए कहा कि तंजानिया की सत्ताधारी पार्टी सीसीएम का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल आज मध्यप्रदेश आया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यह तय किया है कि अलग-अलग देशों के प्रतिनिधिमंडल हमारे देशों के राज्य में जाएं। सीसीएम पार्टी के उपाध्यक्ष किनाना के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल आया है। तंजानिया और भारत दो प्राचीन महान राष्ट्र हैं। जब अटल बिहारी प्रधानमंत्री थे तब से हमारे संबंध बहुत गहरे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इन संबंधों को और गहराई मिली हैं।

उन्होंने कहा कि हमने तंजानिया प्रतिनिधिमंडल को मध्यप्रदेश में कृषि, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण क्षेत्र में जो काम हो रहे हैं, उनकी जानकारी दी और प्रदेश की प्रगति और विकास के बारे में बताया। मुझे खुशी है कि वह लाड़ली लक्ष्मी योजना से प्रभावित थे। इसलिए वे आज लाड़ली लक्ष्मी बेटियों से भी मिलेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में तंजानिया की सत्तारूढ़ चामा चा मापिंदुज़ी (सीसीएम) पार्टी के उपाध्यक्ष अव्दुलरहमान ओ. कीनाना सहित प्रतिनिधिमंडल के भोपाल पहुंचने पर हम उनका स्वागत करते हैं।तंजानिया की सीसीएम पार्टी के उपाध्यक्ष अव्दुलरहमान ओ. कीनाना ने कहा कि भारत और तंजानिया के रिश्ते बहुत अच्छे हैं। हम इन संबंधों को और सुदृढ़ करने के लिए भारत आए हैं। भारत आने के बाद हम विदेश मंत्री एस. जयशंकर सहित कई अधिकारियों से मिले हैं

Related Articles

Back to top button