खतियान जोहार यात्रा’ का दूसरा चरण 17 जनवरी से शुरू

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ‘खतियान जोहार यात्रा’ का दूसरा चरण 17 जनवरी से शुरू होना है। इस यात्रा की सफलता के लिए सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के साथ कांग्रेस एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) भी तैयारियों में जुटे हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा के मुख्य प्रवक्ता एवं महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 17 जनवरी को कोडरमा से यात्रा के दूसरे चरण का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने बताया कि झामुमो ने पार्टी स्तर पर जिम्मेदारी बांटकर इस यात्रा को सफल बनाने की रणनीति तैयार की है।
भट्टाचार्य ने बताया कि इस यात्रा में झामुमो के साथ सहयोगी दल कांग्रेस एवं राजद की बराबर की हिस्सेदारी होगी। झामुमो की केंद्रीय समिति के सदस्य विनोद पांडेय की अध्यक्षता में यात्रा की तैयारी के लिए शुक्रवार को केंद्रीय समिति कार्यालय में बैठक हुई। आगे की तैयारी के लिए विनोद पांडेय 15 जनवरी को कोयलांचल के दौरे पर निकलेंगे। पांडेय धनबाद और बोकारो के वरीय नेताओं के साथ तैयारी के लिए बैठक करेंगे। उनके साथ राज्य समन्वय समिति के सदस्य फागू बेसरा भी रहेंगे। भट्टाचार्य ने बताया कि दूसरे चरण में मुख्यमंत्री की यात्रा कोडरमा, गिरिडीह, सिमडेगा, सरायकेला खरसांवा, पश्चिमी सिंहभूम एवं पूर्वी सिंहभूम होकर गुजरेगी। खतियान यात्रा के प्रथम चरण में मुख्यमंत्री ने लोहरदगा, गोड्डा, देवघर, गुमला, गढ़वा एवं पलामू की यात्रा की थी।

Others Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button