Sahitya Akademi Awards: एक मंच पर जुटे पूरे देश के साहित्यकार, हिंदी के कथाकार संजीव सहित 24 लेखकों को मिला साहित्य अकादेमी पुरस्कार

साहित्य अकादेमी (Sahitya Akademi) द्वारा मनाए जा रहे दुनिया के सबसे बड़े साहित्योत्सव (Sahityotsav 2024) के दूसरे दिन मंगलवार का मुख्य आकर्षण 24 भारतीय भाषाओं के लेखकों का पुरस्कृत होना था। कमानी सभागार में हुए साहित्य अकादेमी पुरस्कार अर्पण 2023 की मुख्य अतिथि प्रख्यात ओड़िआ लेखिका प्रतिभा राय थी।

साहित्य सभी को जोड़ता है- प्रतिभा राय

अपने संबोधन में प्रतिभा राय ने कहा कि साहित्य सभी को जोड़ता है। अन्य की तरह वह विभाजन की बात कभी नहीं करता। इसलिए लेखन हमेशा सार्वभौमिक होता है और विभिन्न बदलावों के दौर में भी अपनी चमक नहीं खोता। सारी भारतीय भाषाएँ हमें ताकत प्रदान करती है और प्यार की भाषा बोलने के लिए तैयार भी करती है। उन्होंने भाषा के महत्त्व को संस्कृति से जोड़ते हुए कहा कि भाषा की उन्नति के बिना कोई भी संस्कृति लंबे समय तक रह नहीं सकती। उन्होंने बदलाव के इस दौर में साहित्य अकादेमी को दुनिया का सबसे बड़ा साहित्योत्सव करने के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह साहित्यिक पूँजी हमेशा राह दिखाती रहेगी।

सभी रचनाकार अपनी-अपनी भाषाओं के सेनापति है- माधव कौशिक

पुरस्कार अर्पण समारोह की अध्यक्षता करते हुए साहित्य अकादेमी के अध्यक्ष माधव कौशिक ने कहा कि पुरस्कृत सभी रचनाकार अपनी-अपनी भाषाओं के सेनापति है और वे केवल सृजन नही करते बल्कि संरक्षण भी करते हैं। आगे उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जो भी खूबसूरती या कहीं इंसानियत नज़र आती है, उसके पीछे साहित्यकारों का ही सृजनात्मक परिश्रम है। आम आदमी के प्रवक्ता साहित्यकार को हमेशा अंगारों पर ही चलना पड़ता है।

साहित्य मनुष्यता की राह बनाता है- कुमुद शर्मा

पुरस्कार समारोह के समापन पर धन्यवाद ज्ञापित करते हुए साहित्य अकादेमी के उपाध्यक्ष कुमुद शर्मा ने कहा कि इस मंच पर आज भारतीय साहित्य का स्वाभिमान सौंदर्य और गरिमा एक साथ देखे जा सकते हैं। साहित्य अखंड होता है और आने वाले समाज के लिए मनुष्यता की राह बनाता है।

लेखक ज्ञान की अनमोल संपत्ति पहुँचाकर हमें समृद्ध करते हैं- के. श्रीनिवासराव

अपने स्वागत भाषण में साहित्य अकादेमी के सचिव के. श्रीनिवासराव ने कहा कि लेखक ज्ञान की अनमोल संपत्ति हम तक पहुँचाकर हमे समृद्ध करते हैं।

किन्हें मिला साहित्य अकादेमी पुरस्कार

इस वर्ष साहित्य अकादेमी पुरस्कार हिन्दी भाषा के लिए संजीव को मिला। तो वहीं अन्य भाषाओं में प्रणव ज्योति डेका (असमिया), स्वप्नमय चक्रवर्ती (बाङ्ला), नन्देश्वर दैमारि (बोडो), विजय वर्मा (डोगरी), नीलम सरन गौड़ (अंग्रेज़ी), विनोद जोशी (गुजराती), लक्ष्मीश तोल्पाडि (कन्नड), मंशूर बानिहाली (कश्मीरी), प्रकाश एस. पर्यंकार (कोंकणी), बासुकी नाथ झा (मैथिली), इ.वी. रामकृष्णन (मलयाळम्), सोरोकखाईबम गम्भिनी (मणिपुरी), कृष्णात तुकाराम खोत (मराठी), युद्धवीर राणा (नेपाली), आशुतोष परिड़ा (ओड़िआ), स्वर्णजीत सवी (पंजाबी), गजेसिंह राजपुरोहित (राजस्थानी), अरुण रञ्जन मिश्र (संस्कृत), तारासीन बास्के (संताली), विनोद आसुदानी (सिंधी), एन. राजशेखरन (तमिल), तल्लावाला पतंजलि शास्त्री (तेलुगु) और सादिका नवाब सहर (उर्दू)। असमिया साहित्यकार स्वास्थ्य कारणों के चलते नहीं आ सके। उनकी जगह उनके पुत्र ने पुरस्कार ग्रहण किया।

पंडित विश्वमोहन भट्ट की प्रस्तुति ने सभी का दिल मोह लिया

पुरस्कार समारोह के बाद रवींद्रनाथ ठाकुर की कविताओं का कस्तूरी शीर्षक से एक प्रस्तुति हुई, जिसकी परिकल्पना संदीप भुटोरिया ने की थी और रचना पद्म भूषण और ग्रेमी पुरस्कार प्राप्तकर्त्ता पंडित विश्वमोहन भट्ट ने। नृत्य संरचना शिंजिनी कुलकर्णी द्वारा की गई थी और गायन अंकिता जोशी द्वारा प्रस्तुत किया गया था।

यह भी पढ़ें- Sahityotsav 2024: दिल्ली में विश्व का सबसे बड़ा साहित्योत्सव आज से शुरू, 6 दिन के उत्सव में 1100 लेखक होंगे शामिल, अकादेमी पुरस्कार अर्पण के साथ सैंकड़ों सम्मेलन और गुलज़ार का संवत्सर व्याख्यान

Related Articles

Back to top button