देशभक्ति के रंग में रंगी देवभूमि, धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

देहरादून । राजधानी देहरादून सहित प्रदेश भर में गणतंत्र दिवस की धूम देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। दून स्थित परेड मैदान के चारों तरफ ऐपण कला में रंगी दीवारें देखते ही बन रही हैं। यहां गणतंत्र दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने परेड मैदान में तिरंगा फहराया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ झांकियां निकाली गईं। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि आज उत्तराखंड की झांकियों में विकास का संकल्प और लक्ष्य दिखाई दे रहा है। इससे पहले राज्यपाल ने राजभवन में भी तिरंगा फहराया।

इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने विधानसभा में तिरंगा फहराया। इस दौरान विधानसभा के अधिकारी और कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई गई। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले सात-आठ सालों में देश के विकास में तेजी आई है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार कार्य कर रही है।

उत्तराखंड को अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार कर रही कार्य: गणेश जोशी

कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री एवं जनपद ऊधम सिंह नगर के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर रुद्रपुर स्थित भाजपा के जिला कार्यालय में तिरंगा फहराया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि आज विश्व की पांचवीं आर्थिक शक्ति और विश्व की चौथी सैनिक शक्ति भारत है। मंत्री ने कहा कि 2025 तक उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार हर क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत का जो संकल्प प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का है उसे हम सबको मिलकर पूरा करने में आगे आना होगा।।

राज्य हर क्षेत्र में कर रहा चौमुखी विकास: रेखा आर्या

मंत्री रेखा आर्या ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश व जनपद वासियों की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। आज केन्द्र व राज्य सरकार हर अन्तिम छोर पर बैठे व्यक्ति के विकास के लिए चिंतन कर रही है कि प्रत्येक नागरिक का जीवन स्तर आत्मनिर्भर कैसे बन सके। सरकार महिलाओं को 30 प्रतिशत का आरक्षण देने के साथ ही खेल में नवयुवकों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए 4 प्रतिशत का आरक्षण पर विचार कर रही है। उन्होंने युवकों से कहा कि वे अपने अन्दर के खेल की प्रतिभा को निखारें ताकि उत्तराखंड को पर्यटन के साथ ही खेल जैसी गतिविधियों में विश्व स्तर पर पहचान मिल सके। उत्तराखंड देवभूमि के साथ ही खिलाड़ियों के नाम से भी जाना जा सके।

विश्व में भारत बढ़ा सम्मान: महेन्द्र भट्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने पार्टी मुख्यालय बलबीर रोड में संयुक्त रूप तिरंगा फहराया। इस दौरान महेन्द्र भट्ट ने कहा कि विश्व में भारत का प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सम्मान बढ़ा है और यह देश की लोकतंत्र की विशेषता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन शुभ है। आज गणतंत्र के साथ बसंत पंचमी है। जो भी दायित्व हमें मिला है उसका निर्वहन करें। प्रधानमंत्री के आह्वान को संकल्प के साथ पूरा करने में सभी योगदान दें।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने फहराया तिरंगा

प्रदेश कांग्रेस राजीव भवन में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने तिरंगा फहराया। इस दौरान कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं की ओर से राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान गाया गया। इससे पहले माहरा ने राजीव गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संविधान की मर्यादा, कांग्रेस के संविधान और अपनी परम्पराओं का मर्यादा पूर्वक पालन करते हुए समाज के विकास में जुड़ जाना होगा। चाहे कितनी ही कठिनाइयां आएं हमें अपने धर्मनिरपेक्ष भारत के रथ को सामाजिक सौहार्द बनाते हुए आगे बढ़ाते रहना है।

कार्यक्रम के उपरान्त करन माहरा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पं. जवाहर लाल नेहरू, इन्दिरा गांधी, सरदार बल्लभ भाई पटेल, डाॅ. भीमराव अम्बेडकर, हेमवती नन्दन बहुगुणा एवं इन्द्रमणि बडोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये। इसके बाद हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत करते हुए पद यात्रा की।

डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को दिलाई शपथ

डीजीपी अशोक कुमार ने पुलिस मुख्यालय में झंडा फहराया। इस दौरान डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मित्रता सेवा और सुरक्षा के स्लोगन पर कार्य किया जाएगा। साथ ही हर पीड़ित को न्याय मिल सके इसके लिए संभव प्रयास किये जायेंगे।

पद नहीं कार्य बड़ा होता है: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी सोनिका ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कोई भी यह न सोचे, वह छोटे पद पर है तो उसके प्रयासों से कोई फर्क नहीं पड़ता। पत्रावलियों को त्वरित गति से चलाने में अधीनस्थ कार्मिकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। अपनी जिम्मेदारी इस प्रकार निभाएं, ताकि जनमानस को किसी प्रकार की समस्या न हो और शासकीय कार्य भी प्रभावित न हो।

एसएसपी ने अवगुण परित्याग करने का किया आह्वान

पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर ने पुलिस लाइन में तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने अधिकारी एवं कर्मचारियों को तिरंगे के नीचे प्रण लेकर अपने अंदर के एक अवगुण का परित्याग करने का आह्वान किया।

Others Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button