‘पीएम मोदी जीत की हैट्रिक लगाने जा रहे हैं, आईपीएल के सीजन में चुनाव में मोदी जी के पक्ष में चौका-छक्का लगा दो’, हिमाचल में बोले अनुराग ठाकुर

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आज कांग्रेस के नेता लोगों से वोट मांगने जा रहे हैं तो अपने 15 महीनों की सरकार की एक भी उपलब्धि नहीं बता पा रहे हैं। कांग्रेस का कार्यकर्ता आज बुरी तरह से हताश और निराशा है क्योंकि उन्हें कांग्रेस की झूठी गारंटीयों से उत्पन्न जन आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि आज कांग्रेस के पास भाजपा को कोसने, झूठ, भय, भ्रम फैलाने और तुष्टीकरण के अलावा कुछ नहीं है वहीं तीसरे चरण के मतदान के बाद स्पष्ट है कि पीएम मोदी जीत की हैट्रिक लगाने जा रहे हैं और कांग्रेस का ग्राफ लगातार गिरता जा रहा है।

आजादी के 75 वर्षों बाद भी भारतीयों को रंग के आधार पर बांटना बेहद शर्मनाक

अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि कांग्रेस समय-समय पर भारतीयों को महसूस कराती रहती है कि वह एक अंग्रेज द्वारा स्थापित की गई पार्टी है। भारतीयों को बांटने और उन पर राज करने के लिए जो कभी अंग्रेज किया करते थे वह आज कांग्रेस कर रही है। इसीलिए कांग्रेस के सभी बड़े नेता इन चुनावों में झूठ और भ्रम फैलाने के साथ-साथ लोगों को क्षेत्रीयता, भाषा, धर्म और अब चमड़ी के रंग के आधार पर बांटने की कोशिश कर रहे हैं। आजादी के 75 वर्षों बाद भी भारतीयों को रंग के आधार पर बांटना और उन्हें अफ्रीकी, चीनी, अरब और अंग्रेज कहना बेहद शर्मनाक है।

सूचना प्रसारण मंत्री ने कहा कि “आज कांग्रेस की देश विरोधी हरकतों के चलते उन्हें भारत में कोई समर्थन तो नहीं मिल रहा लेकिन पाकिस्तान से समर्थन जरुर मिल रहा है। कभी कांग्रेस हमारे एससी-एसटी और ओबीसी भाइयों का आरक्षण छीन कर मुसलमानो को दे देती है तो कभी भारतीयों की संपत्ति छीन कर अपने वोट बैंक को देने की बात करती है। यह कैसी सनातन और संतान विरोधी सोच है। जब राहुल गांधी को नॉर्थ इंडिया ने नकार दिया तब वे साउथ जाकर एसडीपीआई और पीएफआई जैसे संगठनों का सहयोग ले रहे हैं जो देश के खिलाफ और आतंकवादी एजेंडा चलातीं है।”

कांग्रेस ने भारत के टुकड़े-टुकड़े करने के नारे लगाने वाले को लोकसभा उम्मीदवार बना दिया

भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस ने तो भारत के टुकड़े-टुकड़े करने के नारे लगाने वाले को लोकसभा का उम्मीदवार बना दिया है। तो आखिर यह भारत को टुकड़ों टुकड़ों में बांटने वाली सोच कहां तक जाएगी? कांग्रेस और उसके साथी बम ब्लास्ट करने वालों और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों को संरक्षण देते हैं। ये लोग रक्षा सौदों से लेकर खेल के सामान खरीद में भी दलाली कर सकते हैं।”

इसके अलावा केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपनी जनसभाओं में आगामी 1 जून को मतदाताओं से भारी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में वोट कर हिमाचल की चारों सीटें और विधानसभा उपचुनाव की 6 सीटें भाजपा को देने का आग्रह किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि आईपीएल के सीजन में आप चुनाव में मोदी जी के पक्ष में चौका और छक्का लगा दो।

Related Articles

Back to top button