Lok Sabha Elections 2024: दिल्ली के सीएम पर जमकर बरसे शिवराज चौहान, बोले ‘अरविंद केजरीवाल को 2 जून की रोटी जेल में ही होगी नसीब’, दिल्ली में पीने का पानी नहीं दे पाए लेकिन शराब की नदियां बहा दी’

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को दिल्ली की दो लोकसभा सीटों पर चुनाव प्रचार किया। पूर्व सीएम ने दक्षिण दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रामवीर सिंह बिधुड़ी, उत्तर-पश्चिम दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी योगेन्द्र चंदोलिया के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया।

धर्म की रक्षा और अधर्म के नाश के लिए भगवान ने नरेंद्र मोदी को भेजा है

इस दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि, भगवान श्री कृष्ण ने कहा कि, जब-जब धर्म की हानि होगी, अधर्म बढ़ेगा पाप, अन्याय, अत्याचार, अनाचार बढ़ेगा तब-तब धर्म की रक्षा के लिए अधर्म के नाश के लिए सज्जनों के उद्धार के लिए और दुष्टों के संहार के लिए मैं बार-बार इस धरती पर आऊँगा। आज मैं भाजपा के कार्यकर्ता के नाते नहीं बल्कि भारत के नागरिक के नाते कहता हूँ धर्म की रक्षा और अधर्म के नाश के लिए सज्जनों के उद्धार और दुष्टों के संहार के लिए नरेंद्र मोदी को भगवान ने ही यहाँ भेजा है।

राहुल गांधी को सौंपा नहीं थोपा गया है

शिवराज सिंह चौहान ने कहा “मैडम सोनिया गांधी कह रही हैं कि, मैंने राहुल को आपको सौंप दिया है, राहुल गांधी कोई दो-तीन साल के बच्चें है जो आप सौंप कर जा रही है। 55 साल के हो गए हैं राहुल बाबा, किसको सौप रहे हो और राहुल को सौंपा नहीं थोपा है।”

पूर्व सीएम ने कहा “जब से राहुल गांधी को काग्रेस पर थोपा गया 50 से ज्यादा चुनाव हार गए, राहुल गांधी को पहले अमेठी पर थोपा तो अमेठी हार गए। फिर यात्राओं को थोपा तो जहां-जहां से यात्रा गुजरी कांग्रेस वहां-वहां से हार गई और अब रायबरेली पर थोप दिया गया है। ये लोग कभी देश और जनता का भला नहीं कर सकते हैं। कांग्रेस को आम जनता के सुख-दुख से कोई लेना-देना नहीं है। ये लोग देश नहीं चला सकते हैं। ये देश केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही चलाएंगे।”

केजरीवाल को 2 जून की रोटी जेल में ही होगी नसीब

शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि, “इनके नेता भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। काली कमाई के अंबार से अपने घर भर रखे हैं। कांग्रेस की सरकार पर कितने भी घोटाले कर लो कोई कार्रवाई नहीं होती थी, लेकिन 2014 के बाद पीएम मोदी ने कह दिया न खाऊंगा ना खाने दूंगा। इसलिए सारे भ्रष्टाचारियों ने गठबंधन बना लिया है। ये कोई विचारो का गठबंधन नहीं बल्कि मजबूरी का गठबंधन हैं।

पूर्व सीएम ने कहा कि, जितने भी भ्रष्टाचारी हैं उन्हें जेल नहीं भेजें तो क्या भारत रत्न दें। अरविंद केजरीवाल 1 जून तक बेल पर है, भ्रष्टाचार के आरोप लगे हुए है, यह निश्चित है उन्हें 2 जून की रोटी जेल में ही नसीब होगी।

घोटालों की चाबी पीए बिभव के पास है

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि, “अरविंद केजरीवाल ने कितनो को ठगा, अन्ना हजारे, कुमार विश्वास, शाजिया इल्मी, आशुतोष इतने लोगों को ठिकाने लगाना ये केवल संयोग नहीं है। अब अपने पीए के लिए लड़ रहें हैं। सत्येन्द्र जैन और मनीष सिसोदिया के लिए कभी केजरीवाल सड़कों पर नहीं आए, प्रदर्शन नहीं किया लेकिन पीए बिभव के लिए सड़कों पर उतर आए। एक बहन स्वाति मालीवाल का सीएम हाउस में अपमान किया। स्वाति मालीवाल के लिए अब तक एक शब्द नहीं कहा और पीए के लिए प्रदर्शन कर रहें हैं।”

शिवराज चौहान ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि, “चुप-चुप बैठे हो जरूर कोई बात है, क्या घोटाले की चाबी बिभव के पास है। पूर्व सीएम ने कहा कि, ईमानदारी का चोला पहन कर निकले केजरीवाल लेकिन केजरीवाल अब तो वॉलीबॉल बन गए है, भ्रष्टाचार की वाल बने गए हैं, करप्शन वाल बन गए हैं, और नौटंकी लाल बन गए हैं। पंजाब में कहते थे कि, नशामुक्त कर देंगे और शराब घोटाले में तुमने दिल्ली को डुबाने का महा पाप किया है। 9 सालों में क्या किया, सीवरेज की साफ़ाई हुई, नालों की सफाई हुई है। दिल्ली स्वच्छ नहीं हुई, प्रदूषण नहीं मिटा, पीने का पानी नहीं मिला। कांग्रेस और आप में ही पानी नहीं बचा तो ये जनता को कहां से पानी देंगे। ये पीने का पानी नहीं दे पाए और शराब की नदियां बहा दी हैं।

पीओके हमारा है और हम उसे लेकर रहेंगे

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि, “डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी ने जनसंघ का प्रारंभ किया। अटल जी और आडवाणी जी की जोड़ी ने काम को और आगे बढ़ाया और आज नरेंद्र मोदी जी, अमित शाह जी, जेपी नड्डा जी इस काम को पूरा करेंगे। एक देश में दो निशान, दो प्रधान, दो विधान नहीं चलेंगे, लेकिन जो डॉ. मुखर्जी ने कहा था वो नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हो गया। कश्मीर से धारा 370 समाप्त हो गई, लेकिन एक काम अभी भी बाकी है। उन्होंने कहा कि, पंडित जवाहर लाल नेहरू ने ऐतिहासिक भूल की थी, जब हमारी सेना पाकिस्तान के खिलाफ लड़ रही थी तो पंडित नेहरू ने युद्ध विराम कर दिया। डॉक्टर अंबेडकर जी ने मना किया था। अगर 3 दिन और युद्ध विराम नहीं होता तो आज पूरा का पूरा कश्मीर हमारा होता। अब केवल पीओके वापस लेना बाकी है और वो हम लेकर रहेंगे।

इंडी गठबंधन अपने पीएम का नाम बताएं

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि, कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले अपने प्रधानमंत्री का कोई एक नाम तो बताएं, भारतीय जनता पार्टी के प्रधानमंत्री तो तय है कि, नरेन्द्र मोदी हैं और चुनाव के बाद भी रहेंगे। इंडी गठबंधन के लोग कभी कहते हैं कि, चुनाव के बाद तय कर लेंगे। कभी कहते हैं कि, बारी-बारी से साल-साल भर के लिए बन जाएंगे। अरे कोई एक नाम तो बताओ कि, प्रधानमंत्री धन्नू होगा, पन्ना होगा, कल्लू होगा या जुम्मन होगा।

पूर्व सीएम ने कहा कि, हम बाजार में मटका भी खरीदने जाते हैं तो उलट-पलटकर देखते हैं कि, कहीं से फूटा तो नहीं है। सब्जियां लेने जाते हैं तो देखते हैं कि, कहीं खराब तो नहीं है। जब हम मटका और सब्जियां भी देखकर लेते हैं तो प्रधानमंत्री भी देख भाल कर ही चुनेंगे।

सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस को कलंकित किया

पूर्व सीएम शिवराज ने कहा कि, राम हमारे प्राण हैं, राम हमारे आराध्य हैं, राम हमारे अस्तित्व हैं, राम हमारे रोम-रोम में रमें हैं, राम हमारी सांसो में बसे हैं, राम के बिना ये भारत नहीं जाना जा सकता है। उन्होंने कहा कि, आयोध्या में दिव्य और भव्य राममंदिर का निर्माण हुआ, रामलला विराजमान हुए। बहनों घरों में दीपक जला रही थी, नौजवान साथी भगवा पताकाएं लहरा रहे थे, पूरा देश आनंद उत्सव में डूबा हुआ था, लेकिन एक पार्टी रो रही थी वो थी कांग्रेस पार्टी।

शिवराज चौहान ने कहा कि यहां तक की आयोध्या का अंसारी परिवार जिसने पूरी जिंदगी कोर्ट में बाबरी मस्जिद का केस लड़ा उन्होंने भी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया और 22 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा में पूरे परिवार ने भाग लिया। निमंत्रण कांग्रेस को भी दिया गया था, लेकिन उन्होंने लिखित में कहा कि, मुहूर्त खराब है हम नहीं जाएंगे। अरे मुहूर्त तो कांग्रेस का खराब है, विनाशकाले विपरित बुध्दि। अब जब तक ये सूरज-चांद और धरती रहेगी तब तक लिखा रहेगा कि, कांग्रेस ने भगवान श्रीराम का विरोध किया था। प्राण-प्रतिष्ठा में अंसारी परिवार तक चला गया लेकिन कांग्रेस पार्टी नहीं गई। मैडम सोनिया जी और खड़गे जी ने कांग्रेस को कलंकित करने का काम किया है।

3 करोड़ लखपति दीदी का लक्ष्य

एमपी के पूर्व सीएम ने कहा “मैंने बचपन में देखा था कि, बेटा-बेटी में भेदभाव किया जाता था, बहनों के दुख-दर्द और तकलीफ को देखकर मन में पीड़ा होती थी। इसलिए मुख्यमंत्री बनते ही सबसे पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई, आज मुझे कहते हुए गर्व है कि, मध्यप्रदेश की धरती पर 50 लाख से भी ज्यादा लाड़ली लक्ष्मियां हैं। फिर कन्या विवाह योजना के अंतर्गत लाखों बेटियों की शादी करवाई।”

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने आगे कहा कि मध्यप्रदेश ऐसा पहला राज्य हैं जहां नगरीय निकायों में बहनों को 50 प्रतिशत रिज़र्वेशन मिलता है। बहनों को बच्चे के जन्म से पहले 4 हजार रूपए और जन्म के बाद 12 हजार रूपए की राशि खाते में दी जाती है। फिर आई लाड़ली बहना योजना, इस योजना ने तो बहनों के जीवन में क्रांतिकारी बदलाव लाए। ये सफर यहीं नहीं थमेगा अब तो पीएम मोदी ने भी कह दिया है कि, 3 करोड़ लखपति दीदी बनाना है। लखपति दीदी मतलब घर का कामकाज करते हुए हर बहन की सालाना आय 1 लाख रूपए से ज्यादा हो।

पीएम मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण

पूर्व सीएम ने कहा कि, नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सम्पन्न और समृध्द भारत का निर्माण हो रहा है। कांग्रेस की सरकार में दुनिया में कहीं भी भारत का मान-सम्मान नहीं था। भारत को घपले-घोटालों का देश कहा जाता था, लेकिन साल 2014 के बाद से दुनिया भर में भारत का डंका बजा है। दुनिया के कोने-कोने में मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं। ये सम्मान केवल मोदी जी का नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतवासियों का है।

शिवराज चौहान ने कहा कि एक ही उदाहरण देखिए कि “रूस और युक्रेन में युध्द चल रहा था। भारत के बच्चे भी वहां फंसे हुए थे। पीएम मोदी ने एक फोन रूस के राष्ट्रपति को किया और एक फोन यूक्रेन के राष्ट्रपति को कर कहा कि, जब भारत के बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर निकलें तो युध्द थम जाए और जब बच्चे भारत माता की जय के नारे लगाते हुए निकले तो दोनों देशों ने युध्द रोक दिया और हमारे बच्चे सुरक्षित निकल आए। हमारे बच्चों के पीछे पाकिस्तान और बांग्लादेश के भी बच्चे निकल आए। मोदी जी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं और इसलिए मोदी जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है।”

Related Articles

Back to top button