आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका की अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू

जगदलपुर । जिलेभर के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चली गई है। बस्तर संभाग के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन जारी है। बस्तर जिला में रविवार से कृषि उपज मंडी प्रांगण में हड़ताल की शुरुआत हुई। दावा है कि मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं के हड़ताल से जिले भर के आंगनबाड़ी केंद्रों में ताला लटक गया है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। इसमें कलेक्टर दर से वेतन, सुपरवाइजर के पद पर पदोन्नति, पेंशन और शासकीय सेवकों की तरह सुविधाएं अहम है। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में उन्हें कलेक्टर दर से वेतन देने का दावा किया था, लेकिन प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के चार साल बाद भी इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई है। कार्यकर्ता- सहायिकाएं लगातार अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं, लेकिन उनकी मांगों पर कोई विचार नहीं किया गया है। इसके चलते अब अनिश्चित कालीन हड़ताल की शुरुआत की गई है।

रविवार को जिलेभर की कार्यकर्ता-सहायिकाएं कलेक्ट्रेट के सामने धरना स्थल पर जुटी रही। जो अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करती रही। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं को संचालित किया जाता है। आंगनबाड़ी केंद्रों में टीकाकरण,गर्भवतियों की जांच, पोषण आहार का वितरण जैसे प्रमुख कार्य संचालित होते हैं, लेकिन अब हड़ताल से यह सभी कार्य प्रभावित रहेंगे।

Related Articles

Back to top button