Dev Deepawali 2023: देव दीपावली पर 12 लाख दीपों से जगमग हुआ बनारस, 70 देशों के राजदूत भी अनोखा चमकता भव्य नज़ारा देख रह गए दंग,लोकल से ग्लोबल हुए घाटों के अलौकिक दृश्य

वाराणसी, सम्पादन संगीता श्री  अयोध्या के ऐतिहासिक दीपोत्सव के बाद सोमवार को योगी सरकार ने काशी की देव दीपावली को पूरी भव्यता और दिव्यता से मनाया। भगवान शिव की धर्म नगरी वाराणसी के अर्धचन्द्राकार गंगा घाटों पर 12 लाख दीपों का हार सजा, गंगा घाट के दूसरी ओर आकाश में ग्रीन क्रैकर शो हुआ, लेज़र शो और संगीत तीनों का एक साथ लाखों शिव भक्त ने आनंद लिया। गंगा घाटों के रेत पर शिव के भजनों और धुनों पर ग्रीन आतिशबाजी हुई।

पर्यटन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर राजेंद्र कुमार रावत ने बताया कि क्रैकर्स शो लगभग 13 मिनट चला। डोम एंटरटेनमेंट के इंडिया हेड संजय प्रताप सिंह ने बताया कि रेत पर लगभग 1 किलोमीटर के स्ट्रेच पर ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स शो हुआ। भगवान शिव के ऊपर बने “हर-हर शम्भू”, “शिव तांडव स्त्रोत” आदि भजनों के 9 से 10 ट्रैक पर आतिशबाजी के शो का आयोजन हुआ। आतिशबाजी के दौरान आसमान में सतरंगी छटा बिखरी दिखी जिसमें कई आकार के आकर्षक चित्र भी दिखाई दिये। उन्होंने यह भी बताया कि इस क्रेकर शो में पटाखे आकाश की ओर लगभग 60 से 70 मीटर ऊंचाई तक गए, जो काफी दूर से दिखाई दे रहे थे। ग्रीन एरियल फायर क्रैकर्स प्रदूषण रहित होते हैं। पटाखों की आवाज 70 डेसीबल से कम होती है।

मोदी-योगी ने देव दीपावली को बनाया लोकल से ग्लोबल

मोदी-योगी सरकार ने वाराणसी की देव दीपावली को लोकल से ग्लोबल बना दिया है। देव दीपावली पर वाराणसी पहुंचने वाले 70 देशों के राजदूतों और 150 विदेशी डेलिगेट्स पर्यटकों का भारत के ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा से साक्षात्कार हुआ। सोमवार को सैकड़ों विदेशी पर्यटकों, श्रद्धालुओं का काशी में अभूतपूर्व स्वागत किया गया। विदेशी राजदूतों और विदेशी डेलीगेट्स को वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर मंगल टीका लगाकर उन्हें अंगवस्त्र भेंट किया गया।

उत्तर प्रदेश की माटी पर हुए इस भव्य स्वागत से विदेशी मेहमान अभिभूत नज़र आए। नमो घाट पर हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच भी देश विदेश के  पर्यटकों का दिव्य स्वागत किया गया। विदेशी श्रद्धालुओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी खूब आनंद लिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ विदेशी पर्यटकों ने फोटो भी खिंचवाई।

यह दृश्य अद्भुत, अलौकिक और अविस्मरणीय है- मोदी

पीएम मोदी ने देव दीपावली के इन दृश्यों को एक्स पर शेयर करते हुए कहा “बाबा विश्वनाथ की पावन धरा काशी में लाखों दीये अपना दिव्य प्रकाश बिखेर रहे हैं। देव दीपावली पर यहां के घाटों का यह दृश्य अद्भुत, अलौकिक और अविस्मरणीय है। कई देशों के राजदूत भी इसके साक्षी बने। मैं इस पुण्य अवसर पर अपने सभी परिवारजनों के कल्याण की कामना करता हूं। जय बाबा विश्वनाथ!”

काशी अविनाशी है- योगी 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी के लोकप्रिय सांसद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कारण देव दीपावली का कार्यक्रम न केवल काशी, बल्कि देश एवं दुनिया का आध्यात्मिक समारोह बन गया है। उन्होंने कहा कि दो वर्ष पहले काशी की देव दीपावली में प्रधानमंत्री मोदी स्वयं सहभागी बने थे और आज देव दीपावली में लाखों दीप जल रहे हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस कार्यक्रम के साक्षी दुनिया के 70 देशों के राजनयिक बने हैं यानी प्रधानमंत्री के कारण 70 देशों की उपस्थिति एक साथ काशी में हुई है।

सीएम योगी ने कहा ‘‘ काशी अविनाशी है। यह देवाधिदेव महादेव बाबा विश्वनाथ का धाम है। मनुष्य अमावस्या को दीपावली मनाते हैं तो पूर्णिमा की तिथि देवताओं की दीपावली है। देव दीपावली आज के दिन कई सौ वर्षों से यहां की परंपरा का हिस्सा रहा है।’’

सीएम योगी और केंद्रीय मंत्री पुरी का भी किया गया स्वागत

वाराणसी एयरपोर्ट और नमो घाट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का भी भव्य स्वागत किया गया। उनका स्वागत करने वालों में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री जयवीर सिंह, मछलीशहर के सांसद बीपी सरोज, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा, जिलाधिकारी एस राजलिंगम आदि मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button