‘कांग्रेस का घोषणा पत्र सिर्फ़ झूठे वादों का पुलिंदा मात्र है, देश में आज सिर्फ मोदी की गारंटी चलती है’, बोले अनुराग ठाकुर

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को कांग्रेस द्वारा जारी किए गए घोषणा पत्र और पांच न्याय, 25 गारंटी के ऊपर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आज कांग्रेस पर कोई विश्वास नहीं करता और इनका घोषणा पत्र सिर्फ़ झूठे दावे-वादों का पुलिंदा मात्र है। देश में आज सिर्फ एक ही गारंटी चलती है और वह है मोदी की गारंटी।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि “कांग्रेस का घोषणा पत्र सिर्फ़ झूठे दावों-वादों का पुलिंदा मात्र है। कांग्रेस ने 60 सालों में देश को सिर्फ़ छला है और इसी वजह से अब जनता इनके बहकावों में नहीं आने वाली है। इनके पूरा का पूरा घोषणा पत्र उनके मौजूदक क्रियाकलापों के विपरीत है। महिला न्याय की बात करने वाली कांग्रेस के शीर्ष से लेकर गली के नेता आये दिन महिलाओं के बारे में कैसी अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं ये किसी से छिपा नहीं है।

भाजपा नेता ने कहा “न्याय पत्र लाने वाली कांग्रेस ये क्यों नहीं बताती कि पिछले 7 दशक में देश के साथ सबसे ज़्यादा अन्याय करने वाली कांग्रेस पार्टी ही है। इनके किए घोटाले, दिए अत्याचार, थोपे आपातकाल को देश आज भी नहीं भूला है। जैसे देश की निगाहों में कांग्रेस अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है उसी तरह इनका घोषणा पत्र भी सिर्फ़ खोखली बातों का पुलिंदा है”

भाजपा जो कहती है वह करती है

अनुराग ठाकुर ने आगे कहा ”भारतीय जनता पार्टी जो कहती है वह करती है। वहीं कांग्रेस सिर्फ कहती है, करती कुछ नहीं। हमने कहा था जम्मू कश्मीर से धारा 370 और 35 से हटाएंगे, हटाया। हमने कहा था सीएए लागू करेंगे, लागू किया। हमने कहा था राम मंदिर बनाएंगे, राम मंदिर भी बनाया, हमने कहा था ट्रिपल तलाक हटाएंगे, हटाया। इन्होंने कर्नाटक और हिमाचल में जो गारंटी दी उसे पूरा नहीं कर पाए जिसके कारण इनके खुद के विधायक आज इनको छोड़कर जा रहे हैं।”

कांग्रेस की नौकरी गारंटी पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने बताया कि पिछले 1 वर्ष में मोदी सरकार ने 10 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं। वहीं अगर ईपीएफओ का डाटा देखा जाए तो पिछले 6 वर्षों में 7 करोड़ 60 लाख से ज्यादा लोग रजिस्टर हुए हैं। 30 करोड़ से ज्यादा ई-श्रम कार्ड दिए गए हैं।”

केन्द्रीय मंत्री ने आगे कहा कि”कांग्रेस 60 वर्षों तक देश पर राज करती रही और सिर्फ गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन गरीबी नहीं हटी आज एक गरीब मां के बेटे ने देश के 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला है। 80 करोड़ गरीबों को नि:शुल्क राशन, 12 करोड़ शौचालय, 4 करोड़ गरीबों को घर, 10 करोड़ महिलाओं को उज्ज्वला कनेक्शन, 14 करोड़ से ज्यादा लोगों को नल से जल, 60 करोड़ गरीबों को 5 लाख तक का स्वास्थ्य का खर्च प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने दिया है।”

लोकतंत्र नहीं सनातन विरोधी खत्म हो रहे हैं

अनुराग ठाकुर ने कहा कि आज कांग्रेस कहती है कि लोकतंत्र खत्म हो रहा है पर असल में लोकतंत्र नहीं सनातन विरोधी खत्म हो रहे हैं। आज लोकतंत्र नहीं बल्कि भ्रष्टाचार और कट मनी खत्म हो रहा है। लोकतंत्र तो भाजपा के राज्य में मजबूत हुआ है। जम्मू कश्मीर में पंचायत चुनाव हुए। इमरजेंसी लगाने वाली पार्टी लोकतंत्र बचाने की बात करती है तो हास्यास्पद लगता है”

Related Articles

Back to top button