कांग्रेस-वामपंथियों ने विकास के मामले में त्रिपुरा को पीछे धकेला: नरेन्द्र मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को चुनावी राज्य त्रिपुरा में कांग्रेस और वाम दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों पार्टियों ने विकास के मामले में राज्य को पीछे धकेल दिया था, जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने केवल पांच वर्षों में त्रिपुरा को तेज विकास की पटरी पर ला दिया है। अब राज्य ने फैसला किया है कि ‘विकास का डबल इंजन’ रुकने नहीं देंगे।

प्रधानमंत्री मोदी त्रिपुरा के अंबासा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। त्रिपुरा चुनाव की अपनी पहली जनसभा में उमड़ी भीड़ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मोदी ने लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह खुशी और उत्साह सही मायने में बताता है कि विकास का ये डबल इंजन रुकने वाला नहीं है।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और सीपीआई (एम) पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस और वामपंथियों ने त्रिपुरा को विकास के मामले में पीछे धकेल दिया था, लेकिन हमारी सरकार सिर्फ पांच सालों में ही त्रिपुरा को तेज विकास की पटरी पर ले आई है। अब त्रिपुरा की पहचान हिंसा और पिछड़ापन नहीं है।” उन्होंने कहा कि पहले त्रिपुरा में केवल वामपंथी कैडर को ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता था, लेकिन अब हर नागरिक को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

त्रिपुरा में पहले के सत्तारूढ़ दलों पर कटाक्ष करते हुए नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भाजपा ने राज्य को भय और हिंसा से मुक्त बनाया है। त्रिपुरा में पहले एक ही पार्टी को झंडा फहराने की इजाजत थी, लेकिन आज भाजपा सरकार ने त्रिपुरा को डर, भय और हिंसा से मुक्ति दी है। आगे उन्होंने कहा, “भाजपा ने त्रिपुरा को डर के माहौल और ‘चंदा’ (दान) की संस्कृति से मुक्त कर दिया है। पहले, सीपीआई (एम) के कार्यकर्ता पुलिस थानों को नियंत्रित करते थे। भाजपा ने अब कानून का शासन स्थापित किया है।”

त्रिपुरा में कांग्रेस-सीपीआई (एम) गठबंधन पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि कुशासन के पुराने खिलाड़ियों ने हाथ मिलाया, कुछ अन्य दल भी उनकी मदद कर रहे हैं। कांग्रेस, वामपंथी केवल गरीबों को धोखा देना जानते हैं, लोगों ने वर्षों तक उनके कुशासन का खामियाजा भुगता है। वामपंथी, कांग्रेस सरकारों ने आदिवासियों के बीच विभाजन किया, लेकिन भाजपा ने मसले को सुलझाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, लेफ्ट की दोधारी तलवार से सावधान रहें, वे कल्याणकारी योजनाओं को रोकना चाहते हैं।

राज्य की जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कहा कि आपका वोट वामपंथियों को सत्ता से दूर रखेगा और त्रिपुरा में ‘डबल इंजन’ सरकार की निरंतरता सुनिश्चित करेगा। हमारा संकल्प-पत्र यह साबित करता है कि भाजपा वही करती है, जो आप चाहते हैं और हम वही करते हैं जो आपकी प्राथमिकता होती है, जो आपकी जरूरत होती है। हमने अपने संकल्प-पत्र में नए लक्ष्य के साथ नए कदम उठाने का फैसला लिया है।

चुनावी राज्य में महिला सशक्तिकरण के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा, “अब, राज्य में महिला सशक्तिकरण है और जीवन आसान है।”

भाजपा शासन के तहत राज्य के विकास कार्य की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “त्रिपुरा में राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई दोगुनी करने का काम तेजी से चल रहा है। अगरतला में एक नया हवाई अड्डा भी बनाया गया था। ऑप्टिकल फाइबर और 4जी कनेक्टिविटी को गांवों में लाया जा रहा है। अब त्रिपुरा वैश्विक हो रहा है। हम पूर्वोत्तर और त्रिपुरा को बंदरगाहों से जोड़ने के लिए जलमार्ग विकसित कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछली सरकार के बांसों की कटाई और व्यापार पर प्रतिबंध लगाने वाले कानूनों को खत्म कर दिया है; इस कदम से आदिवासी समुदाय को काफी फायदा हुआ है। आज बांस के उत्पाद पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button