G20 के सफल आयोजन के लिए पीएम मोदी को दी गई बधाई, अनुराग ठाकुर बोले भारत अब दुनिया के अहम मसलों का एजेंडा कर रहा है तय

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को एक प्रस्ताव पारित कर जी-20 शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए पूरे देश की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी।

मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि बैठक में यह प्रस्‍ताव रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ओर से पेश किया गया जिसे सर्वसम्मति से पारित कर जी-20 के सफल आयोजन के लिए पूरे देश की ओर से प्रधानमंत्री को बधाई दी गई।

केन्‍द्रीय मंत्री ने कहा कि जी-20 शिखर सम्मेलन की सफलता प्रधानमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति और सक्षम नेतृत्व को दर्शाती है जिसे न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में स्वीकार किया जा रहा है। उन्‍होंने कहा कि नई दिल्‍ली के जी-20 घोषणा पत्र पर सर्वसम्मति बनाना भारत की बढ़ती ताकत को  दर्शाता है। अब देश दुनिया के अहम मसलों का एजेंडा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

अनुराग ठाकुर ने यह भी कहा कि इसका श्रेय देश के नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा कि भारत लगातार समावेशी विकास पर जोर देता रहा है और जी-20 शिखर सम्मेलन में अफ्रीकी संघ की भागीदारी इस प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

Related Articles

Back to top button