Bharat Ratna: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लालकृष्ण आडवाणी को दिया भारत रत्न, पीएम मोदी बोले आधुनिक भारत के निर्माण में आडवाणी ने निभाई महत्‍वपूर्ण भूमिका

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को पूर्व उप प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न प्रदान किया वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर जाकर उन्हें यह सम्मान दिया गया। इस अवसर पर उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व उप-राष्‍ट्रपति वैंकेया नायडू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और श्री आडवाणी के परिवारजन उपस्थित थे।

राष्ट्रपति ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा है कि भारतीय राजनीति के पुरोधा लालकृष्‍ण आडवाणी ने सात दशकों से अधिक समय तक पूर्ण समर्पण और असाधारण कौशल के साथ देश की सेवा की। 1927 कराची में जन्‍मे श्री आडवाणी पाकिस्‍तान के विभाजन के बाद 1947 में भारत आए थे।

दशकों तक कड़ी मेहनत कर देश में बदलाव लाये आडवाणी- राष्ट्रपति मुर्मु

द्रौपदी मुर्मु ने आगे कहा कि लालकृष्ण आडवाणी ने सांस्‍कृतिक राष्‍ट्रवाद के दृष्टिकोण से दशकों तक कड़ी मेहनत से काम किया और देश के सामाजिक, आर्थिक परिदृश्‍य में बदलाव किया। जब आपातकाल ने भारत के लोकतंत्र को खतरे में डाल दिया, तो उनके भीतर के अदम्य योद्धा ने इसे सत्तावादी शक्तियों से बचाने में सहायता की।

राष्‍ट्रपति मुर्मु ने यह भी कहा कि एक सांसद के रूप में लालकृष्ण आडवाणी के संवाद में विश्‍वास ने संसदीय परंपराओं को समृद्ध किया। उन्‍होंने कहा कि उप प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के रूप में लालकृष्ण आडवाणी ने हमेशा राष्‍ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखा जिससे उन्‍होंने लोगों से राजनीति से ऊपर उठकर सम्‍मान और प्रशंसा हासिल की। राष्‍ट्रपति ने कहा कि भारत के सांस्‍कृतिक पुर्नजागरण के लिए श्री आडवाणी का लंबा और अथक संघर्ष 2024 में अयोध्‍या में श्रीराम मंदिर के रूप में परिणित हुआ।

राष्‍ट्रपति मुर्मु ने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी स्‍वतंत्रता के बाद उन कुछ राजनीतिक नेताओं में से थे जिन्‍होंने राष्‍ट्रीय प्राथमिकताओं को नया आकार देने और देश को विकास के पथ पर आगे ले जाने में सफलता हासिल की।

आधुनिक भारत के निर्माण में आडवाणी ने निभाई महत्‍वपूर्ण भूमिका – पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा है कि लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्‍न से सम्‍मानित किए जाने को देखना बहुत विशेष अवसर था। उन्‍होंने कहा कि श्री आडवाणी को यह सम्‍मान प्रदान करना, देश की प्रगति में उनके योगदान को मान्‍यता प्रदान करना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक सेवा के प्रति लालकृष्ण आडवाणी का समर्पण और आधुनिक भारत के निर्माण में उनकी महत्‍वपूर्ण भूमिका ने इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है। पीएम मोदी ने कहा कि उनके लिए यह गर्व की बात है कि उन्‍हें कई दशकों तक लालकृष्ण आडवाणी के निकट रहकर काम करने का अवसर मिला।

Related Articles

Back to top button