लद्दाख के लेह जिले में सेना का एक वाहन खाई में गिरा, 9 जवानों की हो गयी मृत्यु

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह जिले में शनिवार को सेना का एक वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में 9 सैनिकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना दक्षिणी लद्दाख के न्योमा के कियारी के पास हुई। लेह के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या ने बताया कि सेना के वाहन में 10 जवान सवार थे और यह वाहन लेह से न्योमा की ओर जा रहा था।

पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और सभी घायल सैनिकों को सेना की चिकित्सा इकाई ले जाया गया, जहां 9 जवानों को मृत घोषित कर दिया गया। एक अन्य जवान का उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई गई है।

गौर हो कि सिंधु के तट पर स्थित कियारी, लेह स्थित 14 कोर के तहत सेना की 70 ब्रिगेड का मुख्यालय है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लेह में सड़क दुर्घटना में सैन्यकर्मियों की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया है।

राष्ट्रपति और उप-राष्ट्रपति ने पीड़ित परिजनों के प्रति समवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें इस दुर्घटना से बहुत पीड़ा हुई है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि राष्ट्र के प्रति सैन्यकर्मियों की सेवा को सदैव याद रखा जाएगा।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह ने भी इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

 

Related Articles

Back to top button