हिमाचल के साथ उत्तराखंड और पंजाब में भी अगले 2 दिन तक होगी तेज बारिश, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में सक्रिय मानसून के कारण रुक-रुक कर वर्षा जारी है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न जिलों में 109 घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। राज्य में नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया है।

कई स्‍थानों पर भूस्खलन के कारण 2 राष्ट्रीय राजमार्गों समेत सैकड़ों संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार अब तक राज्य के सरकारी विभागों को 8 हजार 450 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

राज्य में तेज वर्षा, बादल फटने और भूस्खलन से अब तक 367 लोगों की जान जा चुकी है। 343 लोग घायल हुए हैं और 40 लोग अब भी लापता हैं। मौसम केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि प्रदेश में अभी वर्षा से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार के लिए तेज वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड में शुक्रवार राजधानी देहरादून सहित अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है और आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक राज्य में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान लगाया है।

इस बीच, चमोली जिले में बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है। भूस्खलन के कारण राज्य में 100 से अधिक सड़क अभी भी अवरुद्ध हैं।

पंजाब में विभिन्न बांधों में जलस्तर बढ़ रहा है। प्रशासन अलर्ट पर हैं। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज वर्षा की सम्‍भावना व्‍यक्‍त की है।

Related Articles

Back to top button