सीएम योगी ने यूपी के पीलीभीत को दी 248 करोड़ की 26 विकास परियोजनाओं की सौगात, बोले उत्तर प्रदेश में दुगनी हुई बाघों की संख्या, सरकार सभी का कर रही है विकास

पीलीभीत, कपिल देव सिंह। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विशेष विमान से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत पहुंचकर, भाजपा सांसद वरुण गांधी के संसदीय क्षेत्र पीलीभीत को 248 करोड़ की 26 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इन परियोजनाओं का उन्होंने शिलान्यास और लोकार्पण किया। उन्होंने वन विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन कर वन विभाग के कई अधिकारियों को सम्मानित कर वन्य जीव सप्ताह का समापन किया।

इस मौके पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तराई के क्षेत्र में ईको टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। चूका से लेकर कर्तनिया घाट तक, दुधवा और अमानगढ़ तक ईको टूरिज्म तेजी से बढ़ रहा है। वन विभाग ने 10 वेटलैंड विकसित किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मनुष्य का अस्तित्व जीव जंतु और जल पारिस्थितिकी तंत्र पर टिका हुआ है। भारतीय मनीषा में ही धरती को माता कहा गया है और हम सब इसके पुत्र हैं। जीव होने के नाते हम सभी का सह अस्तित्व है। जीव पालतू हो या जंगली। सब सह अस्तित्व पर निर्भर करते हैं। जीव जंतुओं और पारिस्थितिकी तंत्र पर संकट होगा तो मनुष्य के अस्तित्व पर भी संकट आ जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार विकास के लिए प्रयासरत है। हम सभी का विकास कर रहे हैं।

दो गुनी हुई बाघों की तादात

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं ने संयुक्त सर्वे किया है। सर्वे में पीलीभीत टाइगर रिजर्व को प्रथम ग्लोबल अवार्ड से सम्मानित किया गया है। उन्होंने कहा कि 2014 में पीलीभीत टाइगर रिजर्व में 25 बाघ थे। 2018 में बढ़कर इनकी संख्या 65 हुई है। अब यूपी में 205 से अधिक बाघ हैं।

वन्यजीवों से होने वाली जनहानि को किया आपदा घोषित, पांच लाख मुआवजा

सीएम योगी ने कहा कि 2018-19 में मुझे दुधवा जाना पड़ा था। प्रकृति में असंतुलन होने पर मानव एवं वन्यजीवों में संघर्ष होता है। इस संघर्ष से होने वाली जनहानि को रोकने के लिए हमारी सरकार ने इसे आपदा घोषित किया है। अब कोई जनहानि होने पर पांच लाख का मुआवजा दिया जाता है। छह वर्ष के अंदर जन सहभागिता के माध्यम से वन विभाग को मॉडल विभाग बना दिया है। वन्यजीवों के संरक्षण के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम यूएनडीपी में परिस्थिति तंत्र और जैव विविधता के प्रमुख मिंडोरी पैक्स्टन की ओर से पीलीभीत टाइगर रिजर्व को अंतरराष्ट्रीय स्तर का टाइगर एक्स टू अवार्ड दिया गया है।

Related Articles

Back to top button