अरविंद केजरीवाल के वायदें, होर्डिंग्स और नियत सब फर्जी हैं, यूपी-बिहार के लोगों को नकली वोटर कहने पर पूर्व सीएम पर भड़के मनोज तिवारी

नई दिल्ली।  दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं सांसद मनोज तिवारी ने गुरुवार एक पत्रकार सम्मेलन में कहा है कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली में बसे यू.पी. एवं बिहार के लोगों से नफरत करते हैं। प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय मीडिया सह संयोजक संजय मयूख और प्रदेश मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर उपस्थित थे।

वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि आदमी कितनी भी चतुराई कर ले पर मन का चोर जुबान पर जरूर आता है और काला सच तो जरूर सामने आता है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को वर्षों से यू.पी. एवं बिहार के लोगों से नफरत है और आज फिर उन्होने यू.पी. एवं बिहार वालों को नकली वोटर कह ही दिया।

केजरीवाल ने यूपी एवं बिहार के लोगों को नकली वोटर कह कर अपमान किया

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने समय समय पर पूर्वांचल के लोगों का अपमान किया है कभी स्वास्थ सेवाओं पर तो कभी शिक्षा व्यवस्था पर बोझ कहा है और आज तो हर हद पार करके यू.पी. एवं बिहार के लोगों को नकली वोटर कह कर अपमान किया है।

यूपी एवं बिहार के लोग दिल्ली की अर्थव्यवस्था का पहिया चलाते हैं

वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि यू.पी. एवं बिहार के लोग आज दिल्ली की अर्थव्यवस्था का पहिया चलाते हैं। दिल्ली की सभी जात बिरादरी के लोग उनकी मेहनत का सम्मान करते हैं और हम सब दिल्ली वाले मेहनतकश यू.पी. बिहार वालों के अपमान का केजरीवाल से बदला लेंगे।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी का पुराना इतिहास रहा है और एक बार फिर से अरविंद केजरीवाल की नियत दिल्ली के लोगों ने देखी है। उनसे मैं पूछना चाहता हूं कि आपकी हिम्मत कैसे हुई कि आप पूर्वांचलियों को फर्जी कहे।

केजरीवाल के वायदें, होर्डिंग्स और नियत सब फर्जी हैं

भाजपा सांसद ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के वायदें, उनके होर्डिंग्स और आचरण-नियत सब फर्जी है। अवैध बांग्लादेशियों और रोहिंग्या को बुलाकर वोटर्स बनवाते हैं और आज जब उन्हें निकालने का काम किया जा रहा है तो उन्हें जलन हो रही है।

अपने गुंडो से मुझे जान से मरवाने का प्रयास किया था- मनोज तिवारी

मनोज तिवारी ने कहा कि पूर्वांचलवासी जब दिल्ली आते हैं तो मेहनत मजदूरी करते हैं और एक छोटा मकान लेकर यहां सिर्फ अपना गुजारा करते हैं लेकिन कभी अपने आत्म सम्मान के साथ समझौता नहीं करते। उन्होंने कहा कि शीशमहल में रहने वाले अरविंद केजरीवाल तो दिल्ली के मालिक हैं इसलिए सिग्नेचर ब्रिज से अपने गुंडो से मुझे धक्का दिलवाकर जान से मारने का प्रयास किया था।

हमेशा पूर्वांचलवासियों का अपमान करते हैं केजरीवाल

दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी ने आगे कहा “अरविंद केजरीवाल को एक बार भी संकोच नहीं होता और कहते हैं कि उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग फर्जी है जबकि वह दिल्ली में 42 फीसदी वोटर्स हैं और अरविंद केजरीवाल के इस बयान का जवाब 5 फरवरी को मिलेगा। उन्होंने कहा दिल्ली के लोगों ने बहुत प्यार से हमे अपने पास रखा लेकिन केजरीवाल जिसे दिल्ली का दर्द नहीं पता हमेशा पूर्वांचलवासियों का अपमान करते हैं।”

मनोज तिवारी ने कहा कि पूर्वांचलवासियों को ना तो साफ पानी दे पाए, ना ही उन्हें अच्छा इलाज दे पाए यहां तक कि शिक्षा के नाम पर भी सिर्फ फर्जी वायदें किए। 2019 में भी अरविंद केजरीवाल ने “500 रुपये टिकट लेकर आकर 5 लाख रुपये तक का इलाज कराकर चले जाते हो”, जैसे बयान से उनकी गंदी नीयत साफ दिखाई देती है। उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली की शांति पसंद करने वाले लोगों को अरविंद केजरीवाल पसंद नहीं है इसलिए इस बार विधानसभा चुनाव में उन्हें उखाड़ फेंकने का मन बना चुके हैं।

यह भी पढ़ें- अरविंद केजरीवाल के वायदें, होर्डिंग्स और नियत सब फर्जी हैं, यूपी-बिहार के लोगों को नकली वोटर कहने पर पूर्व सीएम पर भड़के मनोज तिवारी

Related Articles

Back to top button