दो डिग्री तापमान, सर्दी ने तोड़ा 22 वर्ष का रिकार्ड

कानपुर । बर्फीली हवाओं ने कहर बरसाना शुरू कर दिया है। न्यूनतम तापमान ने 22 वर्ष का रिकार्ड तोड़ दिया है और पारा दो डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बीते चौबीस घंटे के दौरान 6.8 डिग्री पारा नीचे गिर गया। सर्द हवाएं 15 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 12 जनवरी को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस था। इसके बाद लगातार आठ डिग्री से अधिक पर चला गया। लेकिन सोमवार तड़के यह तेजी से धड़ाम हो गया। यह सामान्य से 4.8 डिग्री कम है। रात में सर्द हवाओं की गति 15 किमी प्रति घंटा से अधिक पहुंच गई। वहीं, सोमवार-मंगलवार की रात में पारा रिकॉर्ड तोड़ते हुए दो डिग्री तक पहुंच गया।

ठंड के आगे धूप बेअसर हुई

मंगलवार की सुबह भी धूप के साथ हुई, लेकिन ठंड की वजस से धूप पूरी तरह बेअसर साबित हो रही है। सुबह का तापमान चार डिग्री दर्ज किया गया। सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डा. एस.एन सुनील पांडेय ने बताया कि 19 जनवरी तक ठंड का असर जारी रहेगा। वहीं 23 से 25 के बीच बारिश के आसार बन रहे हैं। बीते चौबीस घंटे में हार्ट अटैक से सात और मरीजों ने दम तोड़ दिया। 37 गंभीर रोगियों को आकस्मिक कक्ष में भर्ती कराया गया है। उधर, हैलट इमरजेंसी में ब्रेन स्ट्रोक के 22 मरीजों को भर्ती कराया गया है। कार्डियोलॉजी में सुबह से मरीजों का तांता लगा रहा। ओपीडी में मरीजों की संख्या एक हजार से पार कर चुका है।

हैलट इमरजेंसी में प्रो. जे.एस कुशवाहा की देखरेख में 44 मरीजों को भर्ती कराया गया है। इसमें आधे से अधिक मरीज सिर्फ ब्रेन स्ट्रोक के हैं। डॉ. कुशवाहा की ओपीडी में ही 300 से ज्यादा मरीज आए हैं।

बाइस वर्ष का रिकॉड टूटा गया। इससे पूर्व 16 जनवरी 2001 को न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। 22 वर्षों के बाद इस दिन इतना कम तापमान रहा है। इन तिथियों में विगत वर्ष गर्म रहे हैं। 2011 में 7.8 डिग्री सेल्सियस, 2012 में 9 डिग्री सेल्सियस, 2013 में 11.4 डिग्री सेल्सियस, 2014 में 7.2डिग्री सेल्सियस, 2015 में 9.5 डिग्री सेल्सियस, 2016 में 8.8 डिग्री सेल्सियस, 2017 में 5.0 डिग्री सेल्सियस, 2018 में 6.6 डिग्री सेल्सियस,2019 में 4.4 डिग्री सेल्सियस, 2020 में 14.4 डिग्री सेल्सियस, 2021 में 4.6 डिग्री सेल्सियस एवं वर्ष 2022 में 4.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।

Related Articles

Back to top button