दुनिया देख रही है बदलते भारत की ताकत: सीएम योगी

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया में किसी देश की ताकत उसकी अर्थव्यवस्था से होती है। आज भारत पूरी दुनिया में तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था है। विगत आठ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो प्रयास व निर्णय हुए हैं, उससे नए भारत की ताकत को पूरी दुनिया देख रही है। लिहाजा भारत के प्रति पूरे विश्व की धारणा बदली है। भारत दुनिया का नेतृत्व कर सकता है, यह सबको दिखाई दे रहा है।

सीएम योगी सोमवार को मान्यता प्राप्त पत्रकार समिति की ओर से आयोजित ‘बदलता परिदृश्य और पत्रकारिता’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बदले परिदृश्य में जो प्रयास हुए हैं, उसका परिणाम सामने है। भारत ब्रिटेन को पछाड़कर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। अपना देश दुनिया के उन महत्वपूर्ण 20 देशों (जी-20) का नेतृत्व कर रहा है जो दुनिया की 85 प्रतिशत जीडीपी, 75 प्रतिशत व्यापार, 60 प्रतिशत आबादी व 90 प्रतिशत पेटेंट पर आधिपत्य रखते हैं। जी-20 का नेतृत्व देश के लिए एक अवसर है उत्तर प्रदेश में भी इससे जुड़े 11 आयोजन होने हैं। योगी ने कहा कि जो लोग देश को जाति, धर्म, वर्ग, भाषा क्षेत्र आदि के आधार पर बांटना चाहते थे वह फेल हो गए हैं। आज भारत आगे बढ़ता है तो देश के 140 करोड लोगों की ताकत दिखती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के कोविड प्रबंधन ने पूरी दुनिया के सामने नागरिकों के अनुशासन व नेतृत्व के प्रति निष्ठा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। पीएम मोदी के नेतृत्व में 140 करोड़ की आबादी ताली बजाने, लॉकडाउन के पालन से जुड़ी। पहले ‘जान है तो जहान है’ और फिर ‘जान भी जहान भी’ के पीएम मोदी के मंत्र को अपनाया। कोरोना संक्रमित देश की आबादी के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश को लेकर लोगों के मन में शंकाएं थीं। ये सभी आशंकाएं निर्मूल साबित हुई।उत्तर प्रदेश में न सिर्फ अपने राज्य के प्रवासी कामगारों, बल्कि अगल-बगल के राज्यों से यूपी आए लोगों के प्रति भी मानवीय संवेदना का भाव करते रखते हुए सेवा की। यह मानवीय पक्ष था और राष्ट्रीय कर्तव्य भी।

Related Articles

Back to top button