दुनिया के लिए कौतुहल है उत्तर प्रदेश की उपलब्धियां

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विगत पांच-छह सालों में उत्तर प्रदेश की उपलब्धियां पूरी दुनिया के लिए कौतूहल हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत उत्तर प्रदेश को 2.61 करोड़ शौचालय बनाने का लक्ष्य मिला था। ढाई साल में सिर्फ 43 लाख शौचालय बन पाए थे। वर्ष 2017 में सूबे की कमान संभालने के बाद नियोजित प्रयास से तय समय सीमा से पहले ही सम्पूर्ण लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया। तीसरी दुनिया के देशों के सम्मेलन में जब देश के उपराष्ट्रपति ने उत्तर प्रदेश में 2.61 करोड़ शौचालय बनने की घोषणा की तो पूरी दुनिया अचंभित थी। उत्तर प्रदेश ने साढ़े पांच सालों में गरीबों के लिए 45 लाख आवास भी बना दिए हैं।

कार्य करने के जज्बे से आएगा परिणाम
उन्होंने कहा कि जब कार्य करने का जज्बा होगा तो उसका परिणाम भी आएगा। उत्तर प्रदेश अब पूरी तरह दंगा मुक्त है। बड़े-बड़े पर्व त्यौहार सिस्टम की जवाबदेही सुनिश्चित होने से ऑटो मोड पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रहे हैं। मकर संक्रांति पर 25 लाख लोगों ने संगम में स्नान किया तो लाखों श्रद्धालुओं ने गोरखपुर में बाबा गोरखनाथ को अपनी आस्था की खिचड़ी चढ़ाई। कहीं भी कोई व्यवधान नहीं हुआ।

संवेदनशील व्यवहार व कानून का राज दोनों आवश्यक
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य की खुशहाली के लिए जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार और कानून का राज दोनों ही पक्ष साथ लेकर चलने की आवश्यकता होती है। यदि अराजकता की छूट दे दी गई तो असंतुलन व असंतोष पैदा होगा इस पर हमेशा विचार करना होगा। कहा कि नीयत साफ हो, बिना भेदभाव कार्य करने का जज्बा हो तो धारणा बदलती है। उत्तर प्रदेश के प्रति भी धारणा बदली है। कभी गुंडा टैक्स, फिरौती और अपहरण उद्योग की पहचान थी। आज निवेश के सबसे शानदार गंतव्य की है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर अपने मुम्बई दौरे का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग यहां निवेश न करने का संकल्प ले चुके थे, आज वह खुद जहां कहा जाए और जितना कहा जाए निवेश करने के लिए संकल्प का भाव दिखा रहे हैं। फरवरी में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर 16 देशों में मंत्रियों के रोड शो के दौरान सात लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।

Related Articles

Back to top button