जी- 20 की बैठक के लिए सज रही राजधानी, जगमग होगा शहर

रांची । झारखंड में जी-20 शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है। इसके लिए रांची में कुछ बैठकें होनी है। इसको लेकर तैयारियां जोरों से चल रही है। रांची नगर निगम पूरे शहर को चमकाने में लगा है। रोड से लेकर नाला-पार्क सभी को दुरुस्त किया जा रहा है। वॉल पेंटिंग से लेकर डिवाइडर भी चमकाए जा रहे हैं। अब नगर निगम क्षेत्र के सभी खंभे पेंट कर रंगीन लाइट से जगमग होंगे। नगर निगम सभी खंभों पर रोप लाइट लगाएगा। रांची नगर निगम प्रोक्योरमेंट कमिटी की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। एजेंसी को जल्द से जल्द पूरे शहर को कवर करने को कहा गया है, जिससे कि जी-20 से पहले शहर बाहर से आने वाले डेलीगेट्स के स्वागत के लिए तैयार होगा।

जिला प्रशासन की टीम नगर निगम के कोआर्डिनेशन के साथ एक टीम का भी गठन किया गया है, जो शहर को साफ सुथरा और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने का कार्य कर रही है। वहीं अतिथियों के आने और जाने तक ट्रैफिक व्यवस्था सुगम हो इसे लेकर हर बिंदु पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। रूट चार्ट भी तैयार किया जा रहा है। जी-20 की बैठक को लेकर रांची उपायुक्त ने भी विशेष दिशा निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने निगम को स्पेशल ड्राइव चलाने का निर्देश दिया है।

रांची मेयर आशा लकड़ा ने मंगलवार को जी 20 शिखर सम्मेलन की तैयारी को लेकर कहा कि इस सम्मेलन में आने वाले प्रतिनिधियों की सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है। इसको लेकर नगर निगम की ओर से सात टीम बनाई गई हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही हैं। मेयर ने कहा कि दो और तीन मार्च को रांची में जी 20 के प्रतिनिधि पहुंचेंगे। 19 देश और यूरोपीय संघ के 540 डेलिगेट्स उसमें शामिल होंगे, जो रांची में होने वाली बैठकों में मौजूद रहेंगे।

आशा लकड़ा ने बताया कि शहर में रंग रोगन के साथ जिन क्षेत्रों में जी 20 से आए प्रतिनिधियों का भ्रमण होगा, उन क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए उन इलाकों से अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। इसके लिये जिला प्रशासन के साथ मिलकर लगातार काम किये जा रहे हैं। इसके अलावा उन इलाकों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 10 फरवरी को नगर निगम ने सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों की विशेष बैठक बुलाई है, जिसमें जी-20 की बैठक को लेकर और भी महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button