खेलों का बजट अब हो गया इतना, जानिए केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने खुद दी जानकारी

5वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स का हुआ समापन

नई दिल्ली, पुनर्वास न्यूज़ डेस्क। खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शानदार मेजबानी कर मध्य प्रदेश ने दिखा दिया कि यहां पर खेलों की कितनी शानदार सुविधाएं हैं। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के शानदार आयोजन के लिए मध्य प्रदेश को शुभकामनाएं। मध्य प्रदेश पिछली बार 8वें नंबर पर था, इस बार तीसरे नंबर पर है।

यह बात केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार 11 फरवरी को 5वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पिछले बार के यूथ गेम्स जो हरियाणा में हुए थे, उसमें 12 रिकॉर्ड टूटे थे। इस बार 12 खिलाड़ियों ने 25 नैशनल रिकॉर्ड तोड़े।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि शायद ही दुनिया के किसी देश में इतना भव्य और शानदार तरीके से यूथ गेम्स का आयोजन होता है। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवा खिलाडियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया है। यह ऐसा मंच है जहां पर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखारने और संवारने का काम करते हैं।

खिलाड़ियों को दी बधाई

समापन के मौके पर अनुराग ठाकुर ने खिलाड़ियों को बधाई भी दी। उन्होंने जैवलिन थ्रो में नैशनल रिकॉर्ड बनाने के लिए दीपिका को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होने एल धनुष और मार्टिना देवी को नया रिकॉर्ड बनाने के लिए भी बधाई दी। उन्होंने खासतौर पर सोनम, शांति विश्वास और झारखंड की आशा किरण बाला का नाम लिया और कहा कि इन तीनों खिलाड़ियों ने गरीबी और अभाव जैसे तमाम विपरीत परिस्थितियों को धता बताते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

खेलों का बजट 3300 करोड़ से भी हुआ ज्यादा

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और सुविधाओं में पिछले कुछ वर्षों काफी सुधार हुआ है। श्री ठाकुर ने खेलो के विकास के लिए केंद्र, राज्य और कॉर्पोरेट घरानों को एक साथ आने के लिए आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2014 में खेलों का बजट 960 करोड़ रुपये था जो अब बढ़कर लगभग 3300 करोड़ से ऊपर हो गया है। उन्होंने कहा कि इसी तरह खेलो इंडिया यूथ गेम्स का बजट बढ़ाकर भी 3200 करोड़ रुपये कर दिया गया है।

अनुराग ठाकुर ने खिलाड़ियों से कहा कि आप खेलों में अपना 100 प्रतिशत दीजिए और आपके हिस्से की सारी जिम्मेदारी हम लेंगे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के समापन समारोह को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश की युवा और खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल के राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक भी उपस्थित थे। समापन समारोह के मौके पर रंगारंग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

Related Articles

Back to top button